लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पीएसी के महानिदेशक आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), प्रयागराज का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में कार्मिक अनुभाग-4 के विशेष सचिव असीम कुमार सिंह ने गुरुवार को आधिकारिक आदेश जारी किया।
पदभार ग्रहण करने से शुरू होगा कार्यकाल
शासन की ओर से जारी नियुक्ति आदेश के मुताबिक, राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 316 के खंड (1) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए आलोक सिंह की नियुक्ति को मंजूरी दी है। उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से शुरू होकर 23 जनवरी 2029 तक निर्धारित किया गया है।
राजकीय गजट में प्रकाशित होगा नियुक्ति आदेश
नियुक्ति संबंधी आदेश की प्रतियां महालेखाकार (प्रयागराज), राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव और प्रयागराज के कोषाधिकारी को भेज दी गई हैं। इसके अलावा निदेशक, मुद्रण एवं लेखन सामग्री को आदेश का राजकीय गजट में प्रकाशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।