कोलकता। पश्चिम बंगाल में सियासी पारा हाई है। दो चरणों की वोटिंग के बाद पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं, तो इस बीच आज पश्चिम बंगाल में 15 बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की मगराहाट वेस्ट और डायमंड हार्बर, इन दोनों सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया है। जहां मगराहाट वेस्ट के 11 और डायमंड हार्बर के 4 पोलिंग बूथों पर आज फिर वोट डाले जा रहे हैं।
दरअसल, चुनाव आयोग को 77 पोलिंग सेंटर्स पर री-पोल कराने की रिक्वेस्ट मिली थी। आरोप था कि कुछ बूथों पर EVM से छेड़छाड़ की गई है और कुछ जगह EVM में गड़बड़ी की शिकायत थी, जिसे लेकर इलेक्शन ऑब्जर्वर्स की रिपोर्ट आने के बाद चुनाव आयोग ने साउथ परगना जिले की 2 सीटों पर फिर से मतदान कराने का आदेश दिया। इन 15 बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी।
डायमंड हार्बर में 4 पोलिंग बूथों पर री-पोलिंग हो रही है। इसमें बूथ नंबर- 117, बूथ नंबर- 179, बूथ नंबर- 194 और बूथ नंबर- 243 शामिल हैं। वहीं, मगराहाट वेस्ट में 11 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान हो रहा है। इनमें बूथ नंबर- 46, बूथ नंबर- 126, बूथ नंबर- 127, बूथ नंबर- 128, बूथ नंबर- 142, बूथ नंबर- 214, बूथ नंबर- 215, बूथ नंबर- 216, बूथ नंबर- 230, बूथ नंबर- 231 और बूथ नंबर- 232 हैं। पश्चिम बंगाल के 15 पोलिंग बूथों पर पुनर्मतदान से जुड़ा हर अपडेट यहां पढ़ें।
सुबह 9 बजे तक डायमंड हार्बर में 15.83% मतदान
पश्चिम बंगाल में पुनर्मतदान हो रहा है। सुबह 9 बजे तक मगराहट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर 16.68 फीसदी और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर 15.83 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है।
पुनर्मतदान के लिए TMC नेता ने BJP को ठहराया जिम्मेदार
टीएमसी की नेता शशि पांजा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान जानबूझकर अशांति फैलाने की कोशिश की, ताकि कई बूथों पर दोबारा मतदान कराया जा सके और पश्चिम बंगाल को बदनाम किया जा सके। पश्चिम बंगाल की मंत्री और टीएमसी उम्मीदवार शशि पांजा, श्यामपुकुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार पूर्णिमा चक्रवर्ती के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
कोलकाता में BNSS 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू
कोलकाता पुलिस ने BNSS 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए हैं, जिसके तहत कम से कम सात ऐसी जगहों पर लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है, जहां EVM स्ट्रॉन्गरूम बने हैं। सीएम ममता बनर्जी गुरुवार देर रात भवानीपुर स्ट्रॉन्गरूम का दौरा करने गईं और वहां करीब चार घंटे बिताए। यह दौरा तब हुआ जब एक वायरल वीडियो में कथित तौर पर खुदीराम अनुशीलन केंद्र में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं; इसी केंद्र में उत्तरी कोलकाता के सात विधानसभा क्षेत्रों की EVM मशीनें रखी हुई हैं।