Home » बिहार » बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार आज, अमित शाह ने फाइनल किया मंत्रियों की लिस्ट, शपथ ग्रहण में पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार आज, अमित शाह ने फाइनल किया मंत्रियों की लिस्ट, शपथ ग्रहण में पीएम मोदी भी रहेंगे मौजूद

पटना। गांधी मैदान में आज बिहार की एनडीए सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैय्यद अता हसनैन नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर. . .

पटना। गांधी मैदान में आज बिहार की एनडीए सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैय्यद अता हसनैन नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर शुरू होगा। ये पहला मौका होगा जब गांधी मैदान में बिहार सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार होगा।

बिहार के मंत्रिमंडल विस्तार में पीएम मोदी की मौजूदगी

अब तक मुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रिपरिषद के सदस्य गांधी मैदान में शपथ लेते रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के सभी शीर्ष नेता मौजूद रहेंगे। 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री
सम्राट चौधरी के साथ सरकार में जदयू कोटे के दो उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने शपथ ली थी।

29-30 विधायक ले सकते हैं मंत्री पद की शपथ

बिहार में विधायकों की संख्या के अनुसार मंत्रिपरिषद के सदस्यों की अधिकतम संख्या सीएम समेत 36 हो सकती है। जदयू और भाजपा के हिस्से में 16-16 मंत्रीपद आए हैं। मंत्रिमंडल विस्तार में जदयू से 12, भाजपा से 13 या 14, लोजपा (आर) से दो, रालोमो और हम (सेक्युलर) से एक-एक को मिलाकर 29-30 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। ज्यादातर पुराने चेहरों को ही मौका मिलने की संभावना है। तीन-चार पद खाली रखे जाने के आसार हैं। जदयू के कोटे से दो जबकि भाजपा कोटे से भी एक या दो पद खाली रहेंगे।

नीतीश के बेटे निशांत कुमार भी बन सकते हैं मंत्री

पूर्व मुख्यमंत्री सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार गुरुवार को मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इस पर रजामंदी को लेकर बुधवार को जदयू नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने नीतीश कुमार से काफी देर तक मंत्रणा की। अब आज गांधी मैदान में होने शपत ग्रहण समारोह पर सबकी नजरें टिकी है।

बिहार में ये ले सकते हैं मंत्रीपद की शपथ

जदयू: श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, सुनील कुमार, मदन सहनी, जमा खां, निशांत कुमार, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर
रावत, रत्नेश सदा, शीला मंडल और बुलो मंडल।
भाजपा: विजय कुमार सिन्हा, मंगल पाण्डेय, दिलीप कुमार जायसवाल, रामकृपाल यादव, संजय सिंह टाइगर, नीतीश मिश्रा, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेन्द्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेन्द्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार और मनोज शर्मा।
लोजपा (आर): संजय कुमार और संजय कुमार सिंह।
रालोमो: दीपक प्रकाश
हम: संतोष सुमन

अमित शाह-नितिन नवीन ने की मंत्रियों के नाम पर चर्चा

सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार समारोह में शामिल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष बुधवार की रात पटना पहुंचे। भाजपा अध्यक्ष और गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित अन्य नेताओं के साथ भाजपा कोटे के मंत्रियों के नाम पर मंत्रणा की। बैठक में भीखू भाई दलसानिया, विनोद तावड़े और नागेन्द्र भी शामिल रहे। अधिकतर पुराने चेहरों को ही फिर से मंत्री बनाए जाने पर सहमति बनी।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम