नई दिल्ली: भारतीय टीम के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज संजू सैमसन और न्यूजीलैंड की दिग्गज ऑलराउंडर अमेलिया केर को मार्च 2026 के लिए आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है। संजू सैमसन ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में अपने मैच जिताऊ प्रदर्शन के दम पर यह सम्मान हासिल किया वहीं अमेलिया केर ने मार्च के महीने में वनडे और टी20 दोनों ही फॉर्मेट में अपनी जादुई फॉर्म जारी रखते हुए तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया।
जसप्रीत बुमराह को सैमसन ने छोड़ा पीछे
संजू सैमसन ने इस रेस में अपने साथी खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन को पछाड़ा। संजू के लिए यह महीना किसी सपने से कम नहीं रहा। उन्हें टी20 विश्व कप 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ वर्चुअल क्वार्टर फाइनल में नाबाद 97 रन, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी 89 रनों की पारी खेलकर भारत को घर में खिताब जिताने और उसे बरकरार रखने वाली पहली टीम बनाने में मुख्य भूमिका निभाई।
संजू ने जाहिर की खुशी
अपनी इस उपलब्धि पर संजू सैमसन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, ‘आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार जीतना एक अविश्वसनीय एहसास है खासकर तब जब यह मेरे क्रिकेट सफर के सबसे यादगार दौर में आया है। टी20 विश्व कप की जीत में भूमिका निभाना मेरा एक सपना सच होने जैसा था। मैं उन अवसरों और अपनी टीम व कोचिंग स्टाफ के समर्थन के लिए आभारी हूं, जिन्होंने मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ देने में मदद की।’
अमेलिया केर ने भी जीता खिताब
दूसरी ओर, महिला वर्ग में न्यूजीलैंड की अमेलिया केर ने अपनी लेग-स्पिन और बल्लेबाजी से कोहराम मचाया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और दक्षिण अफ्रीका की अयाबोंगा खाका को पछाड़कर यह अवॉर्ड जीता। अमेलिया ने मार्च के दौरान चार वनडे मैचों में 18 विकेट चटकाए और 176 रन बनाए। जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने दूसरे मैच में 34 रन देकर 7 विकेट लेने का करिश्मा भी किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में 276 रन और 6 विकेट लेकर वह प्लेयर ऑफ द सीरीज रहीं।