सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने सिलीगुड़ी में तेजी से बढ़ रहे अवैध निर्माण, बिना स्वीकृत नक्शे के बहुमंजिला इमारतों, अवैध होर्डिंग और शहर की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध निर्माण और भ्रष्टाचार की होगी जांच
मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में शहर में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण हुए हैं। कई मामलों में आवासीय परियोजनाओं को व्यावसायिक उपयोग में बदला गया, पार्किंग स्थलों की अवैध बिक्री की गई और स्वीकृत नक्शे से अधिक मंजिलों का निर्माण किया गया। उन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग इन सभी मामलों की विस्तृत जांच कर रहा है और संस्थागत भ्रष्टाचार की पड़ताल के लिए एक विशेष समिति का गठन भी किया गया है।
फ्लैट खरीदने से पहले देखें ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट
शंकर घोष ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी फ्लैट या भवन की खरीद से पहले उसका ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (Occupancy Certificate) अवश्य जांच लें। उन्होंने कहा कि इस प्रमाणपत्र के बिना किसी भी संपत्ति की खरीद-बिक्री से बचना चाहिए।
दोषियों पर होगी कार्रवाई, राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलेगा
मंत्री ने कहा कि यदि किसी नेता, अधिकारी या प्रमोटर की संलिप्तता भ्रष्टाचार में साबित होती है तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, प्रत्येक आरोपी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि राजनीतिक दल बदलने या संरक्षण लेने से किसी के पुराने मामलों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। साथ ही, प्रमोटरों द्वारा धोखाधड़ी की स्थिति में लोगों से सीधे थाने में एफआईआर दर्ज कराने की अपील की।
अवैध होर्डिंग और अतिक्रमण पर भी सख्ती
शहर में अवैध कब्जों, फुटपाथों पर अतिक्रमण और बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग पर भी मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे नगर निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है और शहर की सुंदरता व सुरक्षा प्रभावित हो रही है। मेडिकल और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के अवैध निस्तारण को रोकने के लिए भी प्रशासन को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
वोल्वो बसों पर पथराव मामले में सात गिरफ्तार
सिलीगुड़ी -कोलकाता मार्ग पर चलने वाली वोल्वो बसों पर पथराव की घटनाओं को गंभीर बताते हुए मंत्री ने कहा कि बस मालिकों से शिकायत मिलने के बाद उन्होंने तुरंत उत्तर बंगाल के आईजी को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कालियागंज से इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। मंत्री ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनता का विश्वास मिलने पर पुलिस प्रभावी ढंग से अपराध पर नियंत्रण कर सकती है।
शिकायत दर्ज कराने के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
नागरिकों की सुविधा के लिए मंत्री ने विभिन्न शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए—
155334 – कटमनी (अवैध कमीशन) की शिकायत
155337 – अवैध वसूली की शिकायत
155339 – अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार की शिकायत
155335 – अवैध सिंडिकेट गतिविधियों की शिकायत
मंत्री ने लोगों से अपील की कि शहर से जुड़ी किसी भी समस्या या सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए वे उनके विधानसभा सेवा केंद्र से भी संपर्क कर सकते हैं।