Home » देश » ग्लोबल पीस इंडेक्स : बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान से पिछड़ा भारत, शांतिपूर्ण देशों में क्यों हुआ दक्षिण एशिया का बुरा हाल

ग्लोबल पीस इंडेक्स : बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान से पिछड़ा भारत, शांतिपूर्ण देशों में क्यों हुआ दक्षिण एशिया का बुरा हाल

कोलंबो: ग्लोबल पीस इंडेक्स ने 2026 में सबसे सुरक्षित देशों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में यूरोप का दबदबा है तो दक्षिण एशिया में शांति के स्तर में तेज गिरावट आई है। पीस इंडेक्स दक्षिण एशिया में भारत. . .

कोलंबो: ग्लोबल पीस इंडेक्स ने 2026 में सबसे सुरक्षित देशों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में यूरोप का दबदबा है तो दक्षिण एशिया में शांति के स्तर में तेज गिरावट आई है। पीस इंडेक्स दक्षिण एशिया में भारत और उसके पड़ोसी देशों के लिए चिंताजनक तस्वीर पेश करता है। दुनिया में शांति के मामले में दक्षिण एशिया में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। भारत के लिए ये लिस्ट इसलिए फिक्र बढ़ाती है क्योंकि वह अपने कई पड़ोसियों से भी पिछड़ गया है।
इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस (IEP) के अनुसार, दक्षिण एशिया का औसत स्कोर 2.3 प्रतिशत खराब हुआ है। इसका कारण आंतरिक संघर्ष, सीमा-पार तनाव और राजनीतिक अस्थिरता हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिण एशिया दुनिया के सबसे अस्थिर क्षेत्रों में है। जानते हैं कि इस साल की रैंकिंग में भारत और उसके पड़ोसी देशों का प्रदर्शन कैसा रहा है।

  1. भूटान दक्षिण एशिया का सबसे शांतिपूर्ण देश

भूटान ने दक्षिण एशिया में सबसे शांतिपूर्ण देश के तौर पर अपनी जगह बनाए रखी है। 2026 के इंडेक्स में भूटान ने दुनियाभर में 16वें स्थान पाया है।हालांकि भूटान का कुल स्कोर इस साल 0.4 प्रतिशत गिरा है लेकिन वह क्षेत्रीय औसत से काफी आगे है। यह हिमालयी देश दुनिया के सबसे स्थिर और शांतिपूर्ण देशों में से एक है।

  1. श्रीलंका ने सुरक्षित देशों की लिस्ट में सुधार किया

श्रीलंका ने इस साल पीस इंडेक्स में दक्षिण एशिया में सबसे बेहतर किया है। श्रीलंका ने कुल शांति स्कोर में 2.3 प्रतिशत का सुधार किया है। इससे श्रीलंका दुनिया में 67वें स्थान पर पहुंच गया और क्षेत्र का दूसरा सबसे शांतिपूर्ण देश बन गया। कम महंगाई, आर्थिक विकास और कर्ज पुनर्गठन ने स्थिरता में मदद की है।

  1. नेपाल में दुनिया की सबसे तेज गिरावटों में से एक

क्षेत्र में नेपाल की स्थिति सबसे ज्यादा बिगड़ी है। देश का शांति स्कोर इस साल 9.1 प्रतिशत गिरा और यह पीस इंडेक्स में 111वें स्थान पर आ गया। इसका कारण बीते साल हुए बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों को बताया गया है। सितंबर 2025 में सरकार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध के बाद ये प्रदर्शन हुए थे।

  1. पीस इंडेक्स में बांग्लादेश की स्थिति

ग्लोबल पीस इंडेक्स 2026 में आंके गए 163 देशों में बांग्लादेश को 117वां स्थान मिला है। रिपोर्ट में राजनीतिक स्थिरता, सार्वजनिक प्रदर्शनों और आंतरिक तनावों को देश की रैंकिंग पर असर डालने वाले मुख्य कारकों के रूप में बताया गया है। बांग्लादेश में बीते कुछ महीनों में राजनीतिक स्थिरता लौटती दिखी है।

  1. भारत दुनिया में 127वें स्थान पर खिसका

पीस इंडेक्स में भारत अपने पड़ोसी देशों- बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, भूटान से नीचे रहा है। भारत में शांति के स्तर में 2.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और दुनिया में 127वें स्थान पर है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह गिरावट मुख्य रूप से संघर्ष से जुड़े संकेतकों के बिगड़ने के कारण हुई है।

  1. सुरक्षित देशों में पाकिस्तान की हालत खस्ता

पाकिस्तान के शांति स्कोर में 5.5 प्रतिशत की गिरावट आई, जिससे वह 2026 में दुनिया में 152वें स्थान पर आ गया। रिपोर्ट में इस गिरावट के मुख्य कारणों के तौर पर बढ़ते आतंकवाद, आंतरिक संघर्ष और पड़ोसी देशों के साथ बिगड़ते रिश्तों का जिक्र किया गया है।

  1. अफगानिस्तान सबसे कम शांतिपूर्ण देश

अफगानिस्तान दक्षिण एशिया में सबसे कम शांतिपूर्ण देश और दुनिया में 157वें स्थान पर है। तालिबान के सत्ता पर काबिज होने के बाद राजनीतिक स्थिरता के संकेतकों में सुधार आया है लेकिन सुरक्षा संबंधी चिंता और पाकिस्तान सीमा पर झड़पों ने कुल स्कोर पर असर डाला है।

लिस्ट के 10 सबसे सुरक्षित देश

  1. आइसलैंड
  2. न्यूजीलैंड
  3. स्विट्जरलैंड
  4. स्लोवेनिया
  5. आयरलैंड
  6. ऑस्ट्रिया
  7. पुर्तगाल
  8. सिंगापुर
  9. फिनलैंड
  10. जापान

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम