फ्लाईदुबई FZ1073 के बाद एक और विमान को लेकर चिंता, मलबे की आधिकारिक पुष्टि बाकी
नई दिल्ली। अटलांटिक महासागर के ऊपर उड़ान भर रहा एक मेडिकल जेट (एयर एंबुलेंस) लापता हो गया है। इसमें 6 लोग सवार थे और यह बोस्टन जा रहा था। अमेरिकी तटरक्षक बल ने नैनटकेट के दक्षिण में पानी में मलबा देखे जाने की पुष्टि की है, लेकिन यह मलबा किस चीज का है, अभी साफ नहीं है। विमान का मलबा मिलने की चर्चा जरूर है, पर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तटरक्षक बल ने उतारे खोजी विमान और जहाज
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) को विमान के रडार से गायब होने की सूचना मिली तो उसने तुरंत अलर्ट जारी किया। इसके बाद अमेरिकी तटरक्षक बल ने खोज और बचाव के लिए अपने विमान और समुद्री जहाज महासागर में उतार दिए।
बोस्टन में होनी थी लैंडिंग
FAA के मुताबिक अलर्ट रात करीब 1:20 बजे जारी किया गया। लापता विमान कनाडा में पंजीकृत ‘गल्फस्ट्रीम G100’ जेट था, जिसका संचालन ‘लैटिट्यूड एयर एंबुलेंस’ करती है। विमान ने शनिवार को स्थानीय समयानुसार रात करीब 12:41 बजे बरमूडा के एलएफ वेड इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 6 लोगों के साथ उड़ान भरी थी और उसे बोस्टन के लोगान इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरना था। लैंडिंग से पहले अटलांटिक महासागर के ऊपर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से उसका संपर्क टूट गया और वह रडार से गायब हो गया।
2 पायलट, 2 मेडिकल स्टाफ और 2 मरीज थे सवार
FAA के अनुसार विमान में 2 पायलट, 2 मेडिकल स्टाफ और 2 मरीज, कुल 6 लोग मौजूद थे।
\दो मिनट में 13,000 फीट गिरा विमान
संपर्क टूटने से पहले पायलट ने विमान में इलेक्ट्रिसिटी सिस्टम ठप होने और तकनीकी खराबी की शिकायत की थी। उस समय विमान 24,000 फीट की ऊंचाई पर था, लेकिन महज दो मिनट में करीब 13,000 फीट नीचे आ गया। इसके बाद मैसाचुसेट्स तट के पास नैनटकेट से करीब 80 मील दक्षिण में वह रडार से ओझल हो गया। पायलट से कई बार संपर्क की कोशिश की गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
ATC और पायलट के बीच आखिरी बातचीत सामने आई
ATC और पायलट की बातचीत का ऑडियो सामने आया है, जिसमें पायलट ने विमान में खराबी बताई और इमरजेंसी लैंडिंग की बात कही थी। रिकॉर्डिंग के मुताबिक कंट्रोलर ने पूछा कि क्या पायलट ने बिना विजुअल या इंस्ट्रूमेंट के आने की बात कही है। पायलट का जवाब साफ सुनाई नहीं दिया, तो कंट्रोलर ने पूछा कि क्या क्रू ने इमरजेंसी घोषित की है। कोई जवाब आने से पहले ही विमान का रडार और रेडियो दोनों से संपर्क पूरी तरह कट गया।