चेन्नई। तमिलनाडु में आज से विजय सरकार का आगाज हो गया है। टीवीके चीफ सी. जोसफ विजय ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इससे पहले विजय ने शनिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से लोकभवन में मुलाकात की और सरकार बनाने के लिए 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था। यहां बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी। इनमें टीवीके 108, कांग्रेस के 5, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायक हैं। इनके अलावा VCK और IUML ने TVK को अपने 2-2 विधायकों का समर्थन दिया है।
विधायकों का समर्थन पत्र देखने के बाद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दे दिया था। राज्यपाल से निमंत्रण मिलते ही विजय के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। जश्न सिर्फ समर्थकों में ही नहीं, विजय के परिवार में भी है और हो भी क्यों ना, परदे पर हीरोगीरी करने वाले विजय अब रीयल लाइफ में भी नायक की भूमिका में हैं।
हालांकि, थलापति विजय की मुख्यमंत्री बनने की राह इतनी आसान भी नहीं रही। 4 मई को नतीजे आने के बाद से 9 मई तक तमिलनाडु में हाईवोल्टेज सियासी ड्रामा देखने को मिला। थलापति 6 मई को कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के साथ राज्यपाल से मिले, लेकिन बहुमत से 5 विधायक कम होने पर राज्यपाल ने वापस लौटा दिया था। फिर, 7 मई को लेफ्ट पार्टियों के 4 विधायकों के समर्थन के साथ विजय ने राज्यपाल से दूसरी बार मुलाकात की। तब राज्यपाल ने फिर से 118 विधायकों का समर्थन दिखाने को कहा।
इसके बाद, विजय थोड़ा समय मांगकर वापस लौट आए। 8 मई को विजय की पार्टी TVK ने VCK से समर्थन मिलने का दावा किया। शाम को विजय लगातार तीसरे दिन गवर्नर के पास पहुंचे, लेकिन देर रात तक VCK ने समर्थन देने की पुष्टि नहीं की, जिससे मामला फिर फंस गया। 9 मई को IUML और VCK ने TVK को समर्थन दिया, जिसके बाद थलापति विजय के सीएम बनने का रास्ता साफ हो सका।
सीएम बनते ही 3 आदेशों पर विजय ने किए साइन
CM बनते ही एक्टर विजय ने महिला सुरक्षा, ड्रग स्मगलिंग और मुफ्त बिजली से जुड़े 3 आदेशों पर साइन किए। उन्होंने 200 यूनिट फ्री बिजली देने और साथ ही ड्रग स्मगलिंग रोकने और महिला सुरक्षा को लेकर टास्क फोर्स बनाने के आदेश पर हस्ताक्षर किए।
PM मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले 10 साल तक कांग्रेस की सरकार में रहने का क्रेडिट काफी हद तक डीएमके को ही जाता है। जिस डीएमके ने कांग्रेस की प्रोग्रेस के लिए लगातार काम किया, राजनीतिक हवा का रुख बदलते ही उसे धोखा दे दिया गया।
TVK के 9 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
विजय के साथ TVK के 9 विधायकों ने शपथ ली। विजय अपने पास लोक प्रशासन, पुलिस और गृह विभाग रखेंगे। उनके साथ, के. ए. सेंगोट्टैयान, अधव अर्जुना, एन. आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार, राजमोहन, के पी. वेंकटरमण और डॉ. टी.के. प्रभु ने शपथ ली।