नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। चुनाव आयोग ने राज्य की तीन रिक्त राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव कराने का ऐलान कर दिया है। आयोग के मुताबिक, इन सीटों पर 24 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी।
कब क्या होगा?
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 7 जुलाई को अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 14 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 17 जुलाई तक नाम वापस लेने की अनुमति रहेगी। इसके बाद 24 जुलाई को मतदान और उसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
क्यों हो रहा है उपचुनाव?
ये तीनों सीटें सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बारिक के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं। सुखेंदु शेखर राय ने 8 जून, सुष्मिता देव ने 10 जून और प्रकाश चिक बारिक ने 11 जून 2026 को अपने पद से इस्तीफा दिया था। इन रिक्तियों के बाद चुनाव आयोग ने उपचुनाव कराने का फैसला लिया है।
मतदान को लेकर आयोग के सख्त निर्देश
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदान के दौरान बैलट पेपर पर वोट दर्ज करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराया गया विशेष बैंगनी (वायलेट) पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा। किसी अन्य पेन से डाला गया वोट मान्य नहीं होगा। आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति की है।
सियासी नजरें उम्मीदवारों पर
तीनों सीटों पर होने वाला यह उपचुनाव राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभिन्न राजनीतिक दल किन चेहरों को उम्मीदवार बनाते हैं। उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही राज्य में सियासी हलचल और तेज होने की संभावना है।
हर सीट के लिए अलग होगी चुनावी प्रक्रिया
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान एक ही दिन होगा, लेकिन तीनों सीटों के लिए अलग-अलग निर्वाचन प्रक्रिया अपनाई जाएगी। यह व्यवस्था जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 और न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप लागू की जाएगी।