कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पुलिस प्रशासन के स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने एक साथ 23 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया है। इस प्रशासनिक बदलाव का असर पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ-साथ कोलकाता पुलिस के कई महत्वपूर्ण पदों पर भी पड़ा है। राज्य के गृह (पुलिस) विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कोलकाता पुलिस के अधिकारियों को राज्य पुलिस में भेजा गया है, जबकि राज्य पुलिस के कई अधिकारियों को कोलकाता पुलिस में महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है।
कोलकाता पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी
ताजा फेरबदल के तहत कोलकाता पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेंद्र प्रकाश सिंह को उत्तर बंगाल में इंटेलिजेंस ब्रांच (IB) का महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया है। वहीं, कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) सूर्य प्रताप यादव को पश्चिम बंगाल पुलिस की इंटेलिजेंस ब्रांच में उपमहानिरीक्षक (DIG) की जिम्मेदारी दी गई है। कोलकाता पुलिस की एनफोर्समेंट ब्रांच में उपायुक्त (DC) के पद पर तैनात स्पर्शा नीलांगी को डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) का नया उपायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में IG के पद पर रहे सुधीर कुमार नीलकंठम को कोलकाता पुलिस का नया अतिरिक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है।
कोलकाता पुलिस को मिला नया संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक)
फेरबदल में भोलानाथ पांडे को भी नई जिम्मेदारी मिली है। राज्य पुलिस की इंटेलिजेंस ब्रांच में DIG के पद पर तैनात पांडे अब कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (ट्रैफिक) होंगे। इसी तरह, राज्य पुलिस में DIG (सिक्योरिटी) के पद पर कार्यरत सुखेंदु हीरा को कोलकाता पुलिस का संयुक्त आयुक्त (सिक्योरिटी) नियुक्त किया गया है।
पुलिस की अन्य इकाइयों में भी बदलाव
तबादला सूची में पश्चिम बंगाल पुलिस की विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (WBCRB) की IG नीलू शेरपा को पश्चिम बंगाल पुलिस हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (WBPHIDCL) में IG की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पश्चिम बंगाल पुलिस होमगार्ड की पूर्व IG शंका शुभ्रा चक्रवर्ती को WBCRB का नया IG नियुक्त किया गया है।एक साथ 23 IPS अधिकारियों के तबादले से राज्य पुलिस और कोलकाता पुलिस के कई महत्वपूर्ण विभागों में नेतृत्व और जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। नई नियुक्तियों के बाद संबंधित विभागों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण होगा।