नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ‘राउंड ऑफ 32’ के मुकाबले में फुटबॉल इतिहास का सबसे अविश्वसनीय और सांसें रोक देने वाला मैच देखा गया। एक समय टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर खड़ी बेल्जियम ने 2 गोल से पिछड़ने के बाद आखिरी मिनटों में बाजी पलट दी। बेल्जियम ने लगातार 3 गोल दागकर सेनेगल को 3-2 से रौंदा और शान से ‘राउंड ऑफ 16’ में जगह बनाई।
मैच का पूरा रोमांच: कब क्या हुआ?
- 25वां मिनट (सेनेगल 1-0): हबीब दियारा ने शानदार गोल कर सेनेगल को शुरुआती बढ़त दिलाई।
- 51वां मिनट (सेनेगल 2-0): इस्माइला सार ने मूसर नियाकाते के लंबे पास पर बेल्जियम के दिग्गज गोलकीपर थिबॉट कोर्टुआ को छकाते हुए इस टूर्नामेंट का वन ऑफ द बेस्ट गोल दागा।
- 86वां मिनट (बेल्जियम की वापसी 1-2): बेल्जियम के ऑल-टाइम लीडिंग स्कोरर रोमेलु लुकाकु ने सब्सटिट्यूट के रूप में आकर पहला गोल दागा।
- 89वां मिनट (बराबरी 2-2): यूरी टिलेमैन्स ने एक रॉकेट शॉट दागकर मैच को बराबरी पर ला दिया और मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में खिंच गया।
- 125वां मिनट (ऐतिहासिक जीत 3-2): एक्स्ट्रा टाइम के आखिरी सेकंड्स में टिलेमैन्स ने पेनल्टी को गोल में बदलकर बेल्जियम को करिश्माई जीत दिला दी।
बेल्जियम ने बनाया अनोखा वर्ल्ड कप रिकॉर्ड
इतिहास दोहराया: फीफा वर्ल्ड कप के पिछले 11 सीजन के नॉकआउट इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है, जब कोई टीम 2 या उससे अधिक गोल से पिछड़ने के बाद मैच जीती हो। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले 2018 वर्ल्ड कप में जापान के खिलाफ भी यह कारनामा बेल्जियम ने ही किया था।
सबसे देर से होने वाला गोल: यूरी टिलेमैन्स द्वारा 125वें मिनट में किया गया गोल फीफा वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे देर से (Latest) किया गया गोल बन गया है।
VAR ड्रामा और सेनेगल का टूटा दिल
मैच का अंत बेहद नाटकीय रहा। जब मुकाबला पेनल्टी शूटआउट की तरफ बढ़ रहा था, तभी टिलेमैन्स को सेनेगल के बॉक्स के अंदर गिरा दिया गया। VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) रिव्यू के बाद रेफरी ने बेल्जियम के पक्ष में पेनल्टी का फैसला सुनाया।
- खिलाड़ियों का विरोध: सेनेगल के खिलाड़ी इस फैसले से इतने नाराज थे कि डिफेंडर पाथे सिस विरोध में पेनल्टी स्पॉट के ऊपर ही लेट गए।
- मैच के बाद कोच का बयान: सेनेगल के कोच पापे थियाव ने कहा, “यह एक बेहद क्रूर हार है। फुटबॉल का मैच 85 मिनट का नहीं होता। हमारा मानना था कि वह पेनल्टी नहीं थी, लेकिन अंततः फैसला हमारे खिलाफ गया और हम वर्ल्ड कप से बाहर हो गए।”