भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा में भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य के 10 जिलों में स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
मलकानगिरि जिले में 25 सितंबर तक सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। वहीं खुर्दा, नवरंगपुर, गंजाम, कोरापुट, रायगड़ा और बलांगीर जिलों में 24 सितंबर तक शैक्षणिक संस्थान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरापुट में 25 सितंबर तक रेड वार्निंग
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कोरापुट जिले के लिए 25 सितंबर की सुबह तक रेड वार्निंग जारी की है। मौसम विभाग ने 24 सितंबर तक जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई है।
अधिकारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद कोरापुट जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को 25 सितंबर तक बिना पूर्व अनुमति जिला मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अस्पतालों और गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष तैयारी
संवेदनशील और निचले इलाकों में स्थित अस्पतालों को पर्याप्त मात्रा में आपातकालीन दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को सुरक्षा के मद्देनजर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) या मां गृह में स्थानांतरित करने को कहा गया है।
बाढ़ और भूस्खलन से निपटने की तैयारी
संभावित बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चार बांधों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही निचले इलाकों में आपात स्थिति के दौरान राहत पहुंचाने के लिए चूड़ा, गुड़ और जरूरी दवाओं समेत आवश्यक राहत सामग्री का भंडारण किया जा रहा है।