पेरिस। पीएम मोदी फ्रांस पहुंच चुके हैं। इस दौरान वो जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। पीएम आज फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से भी मुलाकात करेंगे। नीस में आयोजित भारत इनोवेट्स-2026 कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। । इस दौरान भारत-अमेरिका और भारत-फ्रांस संबंधों के साथ निवेश, तकनीक और रणनीतिक सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत होने की संभावना है। वहीं, कुछ दिन बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात तय है। पीएम मोदी के फ्रांस दौरे से जुड़े सभी अपडेट जानने के लिए इस पेज पर बने रहे….
आज भारत में स्टार्टअप क्रांति चल रही है
‘भारत इनोवेट्स’ के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ’21वीं सदी का भारत बदलाव के एक बड़े दौर से गुजर रहा है। आज भारत में स्टार्टअप क्रांति चल रही है। इस क्रांति में, नई सोच के साथ भारत के युवा मानवता के हित में समस्याओं का समाधान ढूंढ रहे हैं। हमारे युवाओं के विश्व-स्तरीय समाधानों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने का माध्यम ‘भारत इनोवेट्स’ है’।
फ्रांस और भारत मिलकर इनोवेशन कर रहे हैं
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ‘भारत इनोवेट्स’ में कहा, ‘भारत और फ्रांस एक सच्ची साझेदारी और सहयोगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में आपसी सम्मान पर भरोसा करते हैं। जलवायु और ऊर्जा के क्षेत्रों में, फ्रांस और भारत मिलकर इनोवेशन कर रहे हैं। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में, हम स्मॉल मॉड्यूलर रिएक्टर्स जैसे प्रोजेक्ट्स और टेक्नोलॉजी पर मिलकर काम कर रहे हैं’।
यह मंच भारतीय प्रतिभा और यूरोपीय पूंजी के बीच एक सेतु
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मैक्रों ने कहा था कि इस सदी की चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए भारत और फ्रांस को मिलकर आगे बढ़ना होगा। आज मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि यह पहल उसी दिशा में एक कदम है। ‘भारत इनोवेट्स’ का यह मंच भारतीय प्रतिभा और यूरोपीय पूंजी के बीच एक सेतु बन रहा है – एक ऐसा मंच जहां भारत के युवा दिमागों को यूरोपीय विशेषज्ञता से जुड़ने का अवसर मिल रहा है’।
‘हमने वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए हर संभव प्रयास किया’
‘भारत इनोवेट्स’ के उद्घाटन समारोह में भारत-फ्रांस संबंधों पर बात करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘इस रिश्ते में जुड़ाव, भरोसा, इनोवेशन, प्रेरणा, साझा मूल्य और साझा विजन शामिल हैं। इसी रिश्ते की नींव पर, हमने पिछले कुछ वर्षों में मिलकर नई पहल शुरू की हैं और नए विचारों को आगे बढ़ाया है। हमने वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए भी हर संभव प्रयास किया है। चाहे वह इंटरनेशनल सोलर अलायंस हो, एआई से जुड़ी बातचीत हो, या सुरक्षा से लेकर सस्टेनेबिलिटी तक हमारी साझेदारी हो – यानी, हम दोनों देशों ने मानवता से जुड़ी चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए मिलकर काम किया है। इस साल फरवरी में ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर’ की शुरुआत हुई थी। मुझे खुशी है कि आज हम फ्रांस के साथ मिलकर ‘भारत इनोवेट्स’ का उद्घाटन कर रहे हैं’।।
‘भारत इनोवेट्स’ के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री का संबोधन
‘भारत इनोवेट्स’ के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘दुनिया भर के अलग-अलग देश एक-दूसरे के साथ व्यापार करते हैं और रणनीतिक साझेदारी भी करते हैं। लेकिन कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं जो आपसी हितों के अलावा एक साझा सोच से भी प्रेरित होते हैं। भारत-फ्रांस के संबंध ऐसे ही रिश्तों में से एक हैं’।
भारत ग्लोबल इनोवेशन में सबसे आगे है- मैक्रों
इस दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आगे कहा कि, ‘भारत, जो रिसर्च और इनोवेशन से आगे बढ़ रहा है, ग्लोबल इनोवेशन में सबसे आगे है। और अगर मैं सिर्फ एक उदाहरण दूं कि आप क्या कर सकते हैं, तो स्पेस सेक्टर इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। चंद्रयान-3 मिशन के साथ, चांद के साउथ पोल पर उतरने का कारनामा रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया, जिससे भारत की ताकत और इनोवेशन की क्षमता का पता चलता है’।
नीस में आपका स्वागत करना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात- मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ‘भारत इनोवेट्स’ के उद्घाटन समारोह में अपने भाषण में कहा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीस में आपका स्वागत करना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। कुछ महीने पहले, हमने मुंबई में मिलकर ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष’ की शुरुआत की थी। सवाल यह नहीं था कि क्या भारत इनोवेशन कर रहा है, बल्कि यह था कि भारत के साथ मिलकर इनोवेशन कौन करेगा… आदरणीय प्रधानमंत्री, मैं आपकी इस यात्रा के लिए आपको बधाई देना चाहता हूं। कुछ ही दिन पहले, आप आजादी के बाद से भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बने हैं। यह एक लंबा सफर रहा है जो आपके पक्के इरादे और आपके देश की मजबूती को दिखाता है; यह वाकई बहुत शानदार है। इसलिए, हमें बहुत गर्व है कि आप हमारे बीच यहां मौजूद हैं’।
भारत इनोवेट्स मंच से पीयूष गोयल का बड़ा संदेश
फ्रांस के नीस शहर में आयोजित भारत इनोवेट्स कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और फ्रांस के संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों को इस वर्ष विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया है।
गोयल ने याद दिलाया कि फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में एआई एक्शन समिट की सह-अध्यक्षता की थी, जबकि फरवरी 2026 में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि अब दोनों नेता नीस में फिर एक साथ आए हैं और एक समावेशी तथा नवाचार आधारित दुनिया के साझा विजन को आगे बढ़ा रहे हैं। गोयल ने कहा कि 2026 को भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जिससे इस पहल को विशेष महत्व मिला है।
भारत इनोवेट्स का जल्द होगा आगाज
फ्रांस के नीस शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों जल्द ही भारत इनोवेट्स कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख स्टार्टअप, वेंचर कैपिटल फंड, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और नवाचार विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे।
पीएम मोदी-मैक्रों की मुलाकात
फ्रांस के नीस शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। मैक्रों ने गर्मजोशी के साथ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। दोनों नेता जल्द ही भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के स्टार्टअप, निवेशक, उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।