Home » देश » भारत-म्यांमार सीमा के पास असम राइफल्स की टीम पर हमला, एक जवान बलिदान; चार घायल

भारत-म्यांमार सीमा के पास असम राइफल्स की टीम पर हमला, एक जवान बलिदान; चार घायल

अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की गश्ती टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। अचानक हुई गोलीबारी में एक जवान बलिदान हो गया,. . .

ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह असम राइफल्स की गश्ती टीम पर संदिग्ध उग्रवादियों ने हमला कर दिया। अचानक हुई गोलीबारी में एक जवान बलिदान हो गया, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

सुबह करीब 6:30 बजे हुई गोलीबारी

अधिकारियों के अनुसार, हमला नामपोंग नाला के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। 21 असम राइफल्स के जवान भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी इलाके में सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी चल रहा है। गश्त के दौरान संदिग्ध उग्रवादियों ने जवानों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। हमले में 42 वर्षीय हवलदार जांखोकाई कूकी गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। चार अन्य जवान भी घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घायलों की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

NSCN (K-YA) से जुड़े उग्रवादियों पर आशंका

प्रारंभिक जानकारी में हमले के पीछे NSCN (K-YA) से जुड़े उग्रवादियों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों या असम राइफल्स की ओर से अभी हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अभियान तेज कर दिया है। संदिग्ध उग्रवादियों की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस ने मौके से जानकारी जुटाने के निर्देश दिए

चांगलांग के पुलिस अधीक्षक किर्ली पाडु ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने चांगलांग थाने के प्रभारी अधिकारी को मौके पर पहुंचकर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। भारत-म्यांमार सीमा से सटे चांगलांग जिले में पहले भी उग्रवादी संगठनों की गतिविधियां सामने आती रही हैं। सीमा के दोनों ओर सक्रिय समूहों की आवाजाही के चलते यह क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है।

मणिपुर में भी असम राइफल्स के कैंप पर हमला

इससे पहले मणिपुर में भी असम राइफल्स के एक कैंप को निशाना बनाया गया था। एक भीड़ ने कैंप पर पथराव और तोड़फोड़ की तथा सुरक्षा बलों के तीन वाहनों में आग लगा दी।यह घटना असम राइफल्स द्वारा विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान के कुछ घंटे बाद हुई थी। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई थी।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम