नई दिल्ली। हॉलीवुड फिल्म माइकल आई, बॉलीवुड हिस्टोरिकल ड्रामा राजा शिवाजी (Raja Shivaji) आई, लेकिन कोई भी अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की फिल्म भूत बंगला (Bhooth Bangla) का सिंहासन नहीं हिला पाई।
रिलीज के बाद से ही अक्षय कुमार की भूत बंगला कमाई से गदर काट रही है। दो हफ्तों के बाद भी फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी खूब नोट छाप रही है। यह 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार हो गई है।
भूत बंगला का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
भूत बंगला पिछले 16 दिनों से बॉक्स ऑफिस पर खूब पैसा छाप रही है। हालांकि, शनिवार को कमाई में थोड़ी गिरावट आई है। सैकनिल्क की मानें तो घरेलू बॉक्स ऑफिस पर तीसरे शनिवार यानी 16वें दिन भूत बंगला ने 4.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। फिल्म को 4,435 शोज मिले थे। जबकि 15वें दिन का कारोबाj 4.50 करोड़ रुपये रहा था।
भूत बंगला का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
घरेलू बॉक्स ऑफिस की तरह भूत बंगला का दुनियाभर में भी धांसू कलेक्शन रहा। फिल्म ने 16वें दिन विदेशी बाजार में 1.50 करोड़ रुपये का बिजनेस किया। इसको मिलाकर फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 55 करोड़ रुपये हो गया है। अक्षय कुमार की फिल्म का टोटल वर्ल्डवाइड कलेक्शन अभी तक 217.73 करोड़ रुपये के आसपास है। नई फिल्मों का भी भूत बंगला की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। अब देखते हैं कि रविवार को फिल्म कितना कमाती है।
भूत बंगला की स्टार कास्ट
प्रियदर्शन निर्देशित भूत बंगला में अक्षय कुमार के अलावा परेश रावल, राजपाल यादव, दिवंगत अभिनेता असरानी, तब्बू, जिशु सेनगुप्ता और वामिका गब्बी जैसे स्टार अहम भूमिकाओं में हैं। भूल भुलैया के बाद भूत बंगला प्रियदर्शन की दूसरी हॉरर कॉमेडी फिल्म है।