नोएडा से महोबा जा रही थी डबल डेकर AC बस
नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 यात्रियों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब नोएडा से करीब 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जाते समय दयानतपुर गांव के पास हुआ।
अचानक बस में उठने लगा धुआं और आग की लपटें
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस दयानतपुर गांव के पास पहुंची थी, तभी उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते ऊंची लपटें उठने लगीं। आग का पता चलते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को संभलने और बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। कुछ ही देर में पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। बस के अंदर धुआं भरने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
महिला यात्री ने सुनाई हादसे की भयावह कहानी
हादसे में बाल-बाल बची एक महिला यात्री ने बताया कि वह बस में सो रही थी। अचानक किसी ने दरवाजा खटखटाया। आंख खुलने पर चारों तरफ धुआं दिखाई दे रहा था और यात्रियों में भगदड़ मची हुई थी। महिला के मुताबिक, हालात इतने भयावह थे कि उसने अपना सामान और यहां तक कि जूते भी नहीं उठाए और सिर्फ फोन लेकर बस से बाहर निकलने की कोशिश की। बस के अंदर धुआं इतना ज्यादा था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। कई यात्री अंदर ही फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
हादसे की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के निजी सुरक्षाकर्मी, फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया। झुलसे और घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
शुरुआती जांच में बस में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया हादसे का संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना एक्सप्रेसवे हादसे का संज्ञान लेते हुए जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सीएम योगी ने दिवंगत यात्रियों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके तथा अस्पतालों में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हादसे में घायल और झुलसे सभी यात्रियों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
प्रशासन लगातार ले रहा स्थिति का जायजा
मुख्यमंत्री कार्यालय स्थानीय प्रशासन और पुलिस से राहत एवं बचाव अभियान तथा हादसे की जांच से जुड़ी जानकारी ले रहा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है।