Home » उत्तर प्रदेश » यूपी में सपा नेता की हत्या: कार में बैठते ही मारी गोली, 42 CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस; पुराने विवादों पर जांच

यूपी में सपा नेता की हत्या: कार में बैठते ही मारी गोली, 42 CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस; पुराने विवादों पर जांच

प्रयागराज के हंडिया में मंगलवार शाम बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने समाजवादी पार्टी के गंगापार जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) की गोली मारकर हत्या कर दी. . .

प्रयागराज। प्रयागराज के हंडिया में मंगलवार शाम बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने समाजवादी पार्टी के गंगापार जिला सचिव और पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव (50) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात हंडिया थाने से महज करीब 500 मीटर दूर कर्मनाशा मोहल्ले में हुई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और चार टीमें गठित की गई हैं।

कार में बैठते समय बदमाशों ने मारी गोली

पवन कुमार यादव मुगरांव गांव के रहने वाले थे। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी कार से हंडिया कस्बे पहुंचे थे। कर्मनाशा मोहल्ले में कार खड़ी करने के बाद वह पास के एक कैफे में दोस्तों से मिलने चले गए। करीब दो घंटे बाद शाम 5:20 बजे जब वह कैफे से निकलकर अपनी कार में बैठने लगे, तभी प्रयागराज की ओर से बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बाइक की रफ्तार धीमी करते हुए पीछे बैठे बदमाश ने पवन को बेहद करीब से गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े।

अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के बाद पुलिस पवन को हंडिया के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर टाउन के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया। एसआरएन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पवन को मृत घोषित कर दिया। उनके बड़े भाई अशोक यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

42 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

हत्या के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे 42 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। हंडिया टोल प्लाजा के अलावा भदोही के टोल प्लाजा पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जांची गई। फुटेज में तीनों बदमाश बाइक से बरौत की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि फुटेज काफी धुंधली होने के कारण आरोपियों के चेहरे स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। यही पुलिस के लिए पहचान की बड़ी चुनौती बनी हुई है।

CCTV में बाइक चला रहा बदमाश बिना हेलमेट के दिखाई दे रहा है, जबकि पीछे बैठे दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहना हुआ था।

पांच लोगों से पूछताछ, प्रधान भी हिरासत में

पुलिस ने अब तक पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। वहीं, गांव के वर्तमान प्रधान विनोद को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पवन और विनोद के बीच पुराना विवाद होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच चल रहा विवाद हत्या से जुड़ा है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

एक और पुराने विवाद की भी जांच

पुलिस को भदोही निवासी जितेंद्र यादव के साथ पवन की कथित रंजिश की जानकारी भी मिली है। बताया जा रहा है कि जितेंद्र वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में जेल गया था और उसे पवन पर मुखबिरी करने का शक था। वारदात के दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों में से एक का हुलिया जितेंद्र से मिलता-जुलता बताए जाने के बाद पुलिस इस एंगल की भी जांच कर रही है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और मौजूदा स्थिति की जानकारी जुटा रही है।

राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय था परिवार

पवन यादव दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई अशोक कुमार यादव मुगरांव में किराना की दुकान और आटा चक्की चलाते हैं। पवन की मां धनराजी देवी भी गांव की प्रधान रह चुकी हैं। उनके चचेरे भाई हरीश चंद्र यादव समाजवादी पार्टी में सक्रिय रहे हैं और हंडिया विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। परिवार की राजनीतिक सक्रियता के चलते पवन की इलाके में पहचान थी।

परिवार में पसरा मातम

पवन की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी नीतू देवी बेसुध हो गईं। उनकी तीन बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी तथा बेटा प्रिंस भी सदमे में हैं। घटना के बाद मुगरांव गांव में मातम पसरा है और बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पुलिस बोली- जल्द होगी गिरफ्तारी

DCP कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस CCTV फुटेज, मोबाइल फोन और पूछताछ से मिले तथ्यों को जोड़कर हत्या की वजह और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल हत्या की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पुराने विवादों के साथ-साथ अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम