Home » देश » राजस्थान को आज 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी, जोधपुर एयरपोर्ट से पचपदरा रिफाइनरी तक कई ऐतिहासिक परियोजनाओं का उद्घाटन

राजस्थान को आज 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे पीएम मोदी, जोधपुर एयरपोर्ट से पचपदरा रिफाइनरी तक कई ऐतिहासिक परियोजनाओं का उद्घाटन

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने राजस्थान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य को करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में नागरिक उड्डयन, ऊर्जा,. . .

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने राजस्थान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य को करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में नागरिक उड्डयन, ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल, रेलवे, सड़क, मेट्रो, नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली ट्रांसमिशन जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित लगभग 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। यह दौरा राजस्थान के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

जोधपुर से होगी दौरे की शुरुआत

प्रधानमंत्री सुबह जोधपुर पहुंचेंगे, जहां वे 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। करीब 23 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में फैला यह आधुनिक टर्मिनल प्रतिवर्ष लगभग 20 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने में सक्षम होगा। राजस्थानी स्थापत्य शैली से प्रेरित इस टर्मिनल में आधुनिक सुविधाओं के साथ ऊर्जा दक्ष तकनीक, जल संरक्षण प्रणाली और ग्रीन बिल्डिंग मानकों को शामिल किया गया है। सरकार का मानना है कि नया टर्मिनल जोधपुर सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति देगा।

संशोधित उड़ान योजना का होगा शुभारंभ

जोधपुर से ही प्रधानमंत्री संशोधित उड़ान (UDAN) योजना की शुरुआत करेंगे। अगले दस वर्षों के लिए 28,840 करोड़ रुपये के प्रावधान वाली इस योजना का उद्देश्य देशभर में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करना है। योजना के तहत 100 नए एयरपोर्ट, 200 आधुनिक हेलीपैड विकसित किए जाएंगे तथा क्षेत्रीय उड़ानों के संचालन को बढ़ावा देने के लिए एयरलाइनों को वायबिलिटी गैप फंडिंग भी जारी रहेगी। इसके साथ ही स्वदेशी विमान और हेलीकॉप्टरों के उपयोग को भी प्रोत्साहन दिया जाएगा।

पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को करेंगे समर्पित

जोधपुर के बाद प्रधानमंत्री बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचेंगे, जहां वे भारत की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 79,450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परियोजना एचपीसीएल और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। इसकी रिफाइनिंग क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष (MMTPA) तथा पेट्रोकेमिकल उत्पादन क्षमता 2.4 एमएमटीपीए है। विशेषज्ञों के अनुसार यह परियोजना भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाएगी। इसके आसपास प्रस्तावित पेट्रोकेमिकल एवं प्लास्टिक पार्क से कई सहायक उद्योग विकसित होंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखेंगे आधारशिला

प्रधानमंत्री 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। इस परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिसमें 36 स्टेशन बनाए जाएंगे। यह कॉरिडोर सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र, विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (वीकेआई), जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर सहित शहर के प्रमुख इलाकों को जोड़ेगा। परियोजना पूरी होने के बाद लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा।

रेलवे और सड़क परियोजनाओं को भी मिलेगी गति

प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से बनी इन परियोजनाओं से उत्तर-पश्चिम राजस्थान में रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी, जिससे यात्री और मालगाड़ियों का संचालन अधिक सुगम होगा। इसके अलावा 740 करोड़ रुपये की लागत से विकसित जोधपुर रिंग रोड के एनएच-125ए फोरलेन खंड का भी उद्घाटन किया जाएगा। इससे जोधपुर में यातायात का दबाव कम होगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

सौर ऊर्जा और बिजली परियोजनाओं का भी लोकार्पण

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री बीकानेर में विकसित 1,000 मेगावाट और 300 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी जोन से बिजली निकासी के लिए विकसित ट्रांसमिशन परियोजनाओं का उद्घाटन एवं नई ट्रांसमिशन लाइन की आधारशिला भी रखेंगे। इन परियोजनाओं से राज्य में हरित ऊर्जा उत्पादन और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

54 हजार युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र

प्रधानमंत्री कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, ऊर्जा, गृह, पंचायती राज, परिवहन, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य विभागों में चयनित करीब 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। सरकार का कहना है कि इससे युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिलने के साथ राज्य के प्रशासनिक ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।

गुजरात में सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन

राजस्थान दौरे के बाद प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद पहुंचेंगे, जहां 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से स्थापित सीजी सेमी ओएसएटी (OSAT) संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। पूर्ण क्षमता से संचालन शुरू होने पर यह संयंत्र हर वर्ष 5 अरब सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करने में सक्षम होगा। यह भारत के सेमीकंडक्टर विनिर्माण क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है और ऑटोमोबाइल, 5जी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, दूरसंचार तथा आईओटी जैसे क्षेत्रों की मांग को पूरा करेगा।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम