रायगंज: पश्चिम बंगाल में एक बार फिर पुलिस एनकाउंटर की घटना सामने आई है। उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में आरोपी दिलीप राय की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के लिए पहुंची टीम पर आरोपी ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आधी रात को आरोपी की तलाश में पहुंची थी पुलिस
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रविवार देर रात दिलीप राय को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की एक टीम रायगंज के गौरी ग्राम पंचायत इलाके में पहुंची थी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या का आरोपी इसी इलाके में छिपा हुआ है।बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने जैसे ही आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दिलीप राय घायल हो गया।
पुलिस की गाड़ी के टायर पर लगी गोली
पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई गोली पुलिस वाहन के टायर में लगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी बिहार सीमा के रास्ते फरार होने की योजना बना रहा था। हालांकि, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दो दिन से लापता थी नाबालिग, जंगल में मिला था शव
इस पूरे मामले की शुरुआत नाबालिग लड़की के लापता होने से हुई थी। जानकारी के मुताबिक, लड़की करीब दो दिनों से गायब थी। इसके बाद शुक्रवार को कुलिक नदी के पास एक जंगल से उसका निर्वस्त्र शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू की और आरोपी दिलीप राय की तलाश तेज कर दी थी।
चार दिनों से आरोपी की तलाश में जुटी थी पुलिस
नाबालिग की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके गौरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने रविवार देर रात अभियान चलाया, जो कथित मुठभेड़ में तब्दील हो गया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मुठभेड़ की परिस्थितियों और गोलीबारी से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जानी बाकी है।
पश्चिम बंगाल में फिर एनकाउंटर की घटना, सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
बारुईपुर, गायघाटा और समशेरगंज के बाद रायगंज में एनकाउंटर की इस घटना ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल में पुलिस की कार्रवाई को चर्चा में ला दिया है। नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या की घटना से पहले ही इलाके में आक्रोश था। अब आरोपी की मुठभेड़ में मौत के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।