Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

विधानसभा चुनाव 2023 : इन राज्यों में 520 में सिर्फ 16 सीटों पर महिलाओं में जंग, कैसे लागू होगा महिला आरक्षण बिल ?

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

नई दिल्ली। राजस्थान (200), मध्यप्रदेश (230) और छत्तीसगढ़ (90) की कुल 520 सीटों में सिर्फ 16 सीटें ही ऐसी हैं जहां महिलाओं के बीच मुकाबला हो रहा है। हालांकि चुनावों के पूर्व महिला शक्ति की गूंज संसद से सड़क तक सुनाई पड़ी थी। लेकिन टिकट देते समय ‘फिर वही ढाक के तीन पात’ कहावत चरितार्थ हुई। महिला कोटा अभी लागू नहीं हुआ है पर किसी दल ने 33 फीसदी (33% of the seats in state legislative assemblies and the Parliament Election) टिकट देने की बात को व्यवहार में लाना जरूरी नहीं समझा। इस हकीकत के बीच जहां जिन्हें मौका मिला उन्होंने अपना पूरा दम-खम लगा रखा है।
चर्चित सीटेंः राजस्थान की कामां में मुकाबला इनके बीच
भरतपुर जिले की कामां सीट से वर्तमान मंत्री कांग्रेस प्रत्याशी जाहिदा खान का भाजपा प्रत्याशी नौक्षम चौधरी से मुकाबला है। नौक्षम ने हरियाणा की पनहाना सीट से भी चुनाव लड़ा था। एससी और मुस्लिम निर्णायक फैक्टर हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस को 58 प्रतिशत और भाजपा को 37 प्रतिशत वोट मिले थे।
अजमेर दक्षिणः नया चेहरे से मिलेगी चुनौती
यहां चार बार की भाजपा विधायक अनिता भदेल का कांग्रेस के नए चेहरे द्रोपदी कोली से मुकाबला है। यहां पिछले चार चुनाव से अनिता भदेल ही विधायक हैं। भदेल भाजपा सरकार में मंत्री भी रह चुकी हैं। कौली कांग्रेस सेवा दल से जुड़ी रही हैं। यहां 2018 में भाजपा को 50 प्रतिशत और कांग्रेस को 46 प्रतिशत वोट मिले थे।
मध्यप्रदेश: रैगांव में एससी वोट से होगा फैसला
2018 में भाजपा के जुगल किशोर बागरी जीते जबकि कांग्रेस की कल्पना वर्मा हारी थी। 2021 में जुगल के निधन से उपचुनाव हुए तो कल्पना विधायक बन गईं। इस बार भाजपा से प्रतिमा बागरी और कांग्रेस से कल्पना प्रत्याशी हैं। यह एससी बाहुल्य सीट है। यहां 2013 में बसपा जीती थी। नई पार्टी विंध्य जनता पार्टी से रानी बागरी प्रत्याशी है।
धारः नेताओं की पत्नियों के बीच मुकाबला
भाजपा के वरिष्ठ नेता विक्रम वर्मा की पत्नी और वर्तमान विधायक नीना वर्मा भाजपा और प्रभा गौतम कांग्रेस प्रत्याशी है। प्रभा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालमुुकुंद गौतम की पत्नी है। मुख्य रूप से नेता-पत्नियों के बीच जंग है। एक वोट से जीती नीना का चुनाव कोर्ट से पूर्व में शून्य भी घोषित हो चुका है। तीन चुनावों से इन दो परिवारों में सियासी जंग चल रही है।
छत्तीसगढ़ के सरायपाली में बगावत से मुकाबला रोचक
इस सीट पर भाजपा की सरला कोसरिया और कांग्रेस की चातुरी नंद चुनाव मैदान में उतरी हैं। दोनों नए चेहरे हैं। कोसरिया भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वे शिक्षिका हैं। यहां चौहान समाज के लोगों की संख्या अधिक है। वर्तमान कांग्रेस विधायक की बगावत से मुकाबला रोचक होगा। पिछले चुनाव में कांग्रेस को 63.64 फीसदी और भाजपा को 30.32 फीसदी वोट मिला था।
लैलूंगाः नए चेहरे से सीधा मुकाबला
यहां भाजपा की सुनीति राठिया और कांग्रेस की विद्यावती सिदार के बीच सीधा मुकाबला है। कांग्रेस ने विधायक चक्रधर सिंह सिदान का टिकट काटकर नए चेहरे विद्यावति सिदार को मौका दिया है। यह सीट अजजा वर्ग के लिए आरक्षित है। पिछले चुनाव में कांग्रेस को 50.08 फीसदी वोट और भाजपा को 35.09 फीसदी वोट मिले थे।
महिला आरक्षण के लिए इच्छा शक्ति चाहिए
महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण के लिए राजनीतिक इच्छा शक्ति चाहिए। यदि महिला आरक्षण लागू होता तो आरक्षित सीटों पर सभी दलों को महिला उम्मीदवारों को ही उतारना पड़ता। चुनाव में जिताऊ उम्मीदवार उतारे जाते हैं। – नेटा डिसूजा, राष्ट्रीय अध्यक्ष, महिला कांग्रेस
संगठन मेें कोटा लागू
भाजपा संगठन में 33% महिला कोटा लागू हो चुका है। पांच राज्यों के चुनाव में भी विपक्ष की तुलना में भाजपा ने ज्यादा महिलाओं को टिकट दिया है। भाजपा नेतृत्व केंद्रीय योजनाओं के जरिए भी महिलाओं की बेहतरी में लगी है। – गोपाल कृष्ण अग्रवाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता, भाजपा
राजस्थान-पार्टी महिला उम्मीदवार
कांग्रेस- 27 (13.50 फीसदी)
भाजपा- 20 (10 फीसदी)
सात पर महिलाओं में मुकाबला
सीट- भाजपा – कांग्रेस
कांमा- नौक्षम चौधरी -जाहिदा खान
जायल- मंजू बाघमार – मंजू देवी मेघवाल
सादुलपुर- सुमित्रा पूनिया – कृष्णा पूनिया
हिंडौन- राजकुमारी जाटव – अनिता जाटव
अनूपगढ़- संतोष बावरी – शिमला नायक
अजमेर दक्षिण- अनिता भदेल – द्रोपदी कोली
भोपाल गढ़- कमसा मेघवाल – गीता बरवड़
मध्यप्रदेश में महिलाओं को टिकट
कांग्रेस- 29 (12.60 फीसदी)
भाजपा- 28 (12.17 फीसदी)
पांच सीटों पर महिलाएं आमने-सामने
सीट- भाजपा – कांग्रेस
नेपानगर- मंजू दादू – गेंदुबाई चौहान
पंधाना- छाया मौरे – रूपाली नंदू बारे
रैगांव- प्रतिमा बागरी – कल्पना वर्मा
धार- नीना वर्मा – प्रभा गौतम
भीकनगांव- नंदा ब्राम्हण – झूमा सोलंकी
छत्तीसगढ में टिकट बंटवारे की स्थिति
कांग्रेस- 18 (20 फीसदी)
भाजपा- 15 (16.67 फीसदी)
चार सीटों पर ही महिलाओं में टक्कर
सीट- भाजपा – कांग्रेस
लैलूंगा – सुनीति राठिया -विद्यावती सिदार
सारंगढ़- शिवकुमारी चौहान -उत्तरी जांगड़े
प्रतापपुर- शकुंतला सिंह पोर्ते – राजकुमारी मरावी
सरायपाली – सरला कोसरिया – चातुरी नंद


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.