नई दिल्ली। केरलम में वीडी सतीशन होंगे राज्य के नए मुख्यमंत्री। गुरुवार को प्रेस वार्ता के माध्यम से कांग्रेस पार्टी ने नाम की घोषणा की है। मालूम हो कि, 4 मई को परिणाम आने के बाद से सीएम के नाम को लेकर कई अटकलें चल रही थी। इसको लेकर आज अंतिम निर्णय ले लिया गया।
कांग्रेस नेताओं की तरफ से प्रेस वार्ता कर दी गई जानकारी
केरल में कई दिनों की राजनीतिक हलचल, बैठकों और अंदरूनी खींचतान के बाद आखिरकार कांग्रेस ने बड़ा फैसला ले लिया है। कांग्रेस नेतृत्व ने वीडी सतीशन को केरल का नया मुख्यमंत्री चुन लिया है। इसके साथ ही राज्य की राजनीति में नई पीढ़ी के नेतृत्व की शुरुआत मानी जा रही है। दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं दीपादास मुंशी, मुकुल वासनिक और अजय माकन ने उनके नाम का आधिकारिक एलान किया। कांग्रेस नेताओं की तरफ से प्रेस वार्ता में बताया गया कि वीडी सतीशन राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। केरल में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले गए थे और 4 मई को नतीजे घोषित किया गया। विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के 10 दिन बाद कांग्रेस ने मुख्यमंंत्री के नाम की घोषणा की है।