डेस्क। पिछले दिनों कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया कि Jio लंबे समय से बंद नंबर डीएक्टिवेट कर रहा है। ऐसे में लोग सस्ते रिचार्ज प्लान तलाशने लगे ताकि उनका SIM कार्ड डीएक्टिवेट न कर दिया जाए। हालांकि कम ही लोग जानते हैं कि सिर्फ 20 रुपये में वे अपना SIM बंद होने से बचा सकते हैं। गौर करने वाली बात है कि यह तमाम टेलीकॉम ऑपरेटर्स के लिए मान्य है। यानी कि आप भले Jio के यूजर हों या Airtel, Vi सिर्फ 20 रुपये में आप अपने नंबर को हमेशा एक्टिव रख सकते हैं।
TRAI के नियमों के मुताबिक 90 दिनों से ज्यादा समय से इनएक्टिव SIM को टेलिकॉम ऑपरेटर बंद कर सकते हैं और उन्हें दूसरों को अलॉट किया जा सकता है। एक बार सिम बंद होने के बाद किसी और के नाम पर अलॉट कर दिया जाए, तो अपना नंबर वापस पाना नामुमकिन हो जाता है। हालांकि अगर आपके SIM में मात्र 20 रुपये का बैलेंस हो, तो आपका नंबर कभी बंद नहीं होगा। यह व्यवस्था खुद TRAI यानी कि भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ने की है।
क्यों बंद हो सकता है SIM?
अगर आपके पास कोई ऐसा SIM है, जिसे आप इस्तेमाल नहीं करते और जिसे लंबे समय से रिचार्ज भी नहीं कराया है, तो टेलिकॉम ऑपरेटर उस नंबर को बंद कर सकते हैं। इसकी समय-सीमा 90 दिनों की मानी जाती है और कंपनियां 90-365 दिनों के भीतर नंबर बंद कर सकती हैं।
ऐसे में जरूरी है कि आपका SIM कम से कम 90 दिनों में एक बार रिचार्ज होता रहे, ताकि यह संकेत ऑपरेटर को मिलता रहे कि आप SIM को इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में आप या तो अपने नंबर को सस्ते से सस्ते प्लान से रिचार्ज कर सकते हैं या फिर उसमें 20 रुपये का बैलेंस छोड़ सकते हैं।
20 रुपये में कैसे बचेगा नंबर?
TRAI का नियम है कि 90 दिन तक इस्तेमाल ना होने वाले नंबर में अगर 20 रुपये या उससे ज्यादा का बैलेंस है, तो 20 रुपये काट कर नंबर को अगले 30 दिनों के लिए एक्टिव रखा जाएगा।
ऐसा तब तक होता रहेगा, जब तक कि SIM में 20 रुपये या उससे ज्यादा का बैलेंस है। ऐसे में अगर आपके पास कोई नंबर है, जिसे आप कभी-कभी इस्तेमाल करते हैं और नहीं चाहते कि वह बंद हो, तो उसमें 20 रुपये का बैलेंस जरूर रखें। ऐसे में अगर कंपनी नंबर को बंद करने की कोशिश करती भी है, तो पहले आपका 20 रुपये का बैलेंस कटेगा। इसके बाद आप चाहें, तो फिर से SIM में 20 रुपये का बैलेंस छोड़ सकते हैं या फिर नंबर को सस्ते रिचार्ज के साथ रिचार्ज कर सकते हैं।