हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बकरा रातों-रात पूरे इलाके में सेलिब्रिटी बन गया है। मामला लोनार कोतवाली क्षेत्र के ममरखापुर गांव का है, जहां राजवीर कश्यप नाम के किसान के बकरे की पीठ पर कुदरती तौर पर उभरे एक निशान ने सबको दंग कर दिया है। ग्रामीण और मुस्लिम समाज के लोग इस निशान को उर्दू में लिखा ‘अल्लाह’ का नाम बता रहे हैं। जैसे ही यह खबर फैली, बकरे को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।
दो साल पहले मेले से लाए थे बकरा
ममरखापुर गांव के रहने वाले राजवीर कश्यप खेती-किसानी के साथ पशुपालन का काम भी करते हैं। राजवीर ने बताया कि करीब दो साल पहले वह हरदोई के मेले से कुछ बकरी के बच्चे खरीदकर लाए थे। उन्होंने बड़े प्यार से इनका पालन-पोषण किया। जैसे-जैसे बकरा बड़ा हुआ, उसकी पीठ के बाल एक विशेष आकृति में ढलने लगे।आज जब यह बकरा पूरी तरह वयस्क हो चुका है, तो इसकी पीठ पर उभरा वह निशान साफ तौर पर दिखने लगा है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है।
मौलवी ने की ‘अल्लाह’ नाम की पुष्टि
बकरे की पीठ पर बने इस निशान को देखने के बाद गांव में कौतूहल का माहौल है। मौके पर पहुंचे मौलवी अब्दुल वदूद ने भी बकरे की पीठ पर बने निशान का मुआयना किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि बकरे की पीठ पर जो आकृति उभरी है, वह उर्दू भाषा में ‘अल्लाह’ जैसा ही दिख रही है. मौलवी के मुताबिक, मुस्लिम समाज में इस तरह के निशानों का बड़ा महत्व है और इसे लोग कुदरत का करिश्मा या आस्था का प्रतीक मानकर देख रहे हैं।
सेल्फी और वीडियो की मची होड़
राजवीर के घर पर इस वक्त मेले जैसा माहौल है. आसपास के गांवों के लोग न केवल बकरे को देखने आ रहे हैं, बल्कि उसके साथ अपनी फोटो और वीडियो भी बना रहे हैं। राजवीर खुद भी हैरान हैं कि जिस बकरे को उन्होंने सामान्य समझकर पाला था, वह आज पूरे जिले में सुर्खियों में है। ग्रामीण इस घटना को आस्था से जोड़कर देख रहे हैं और राजवीर के घर पर सुबह से शाम तक लोगों का आना-जाना लगा हुआ है।
कुदरत का करिश्मा या इत्तेफाक?
गांव में इस बकरे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. कोई इसे ईश्वरीय चमत्कार कह रहा है, तो कोई इसे कुदरत की अनूठी कारीगरी. बहरहाल, वजह जो भी हो, लेकिन इस बकरे ने राजवीर कश्यप के दरवाजे पर लोगों की लाइन लगवा दी है। राजवीर का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उनका पाला हुआ बकरा इस तरह से चर्चा में आएगा और दूर-दराज से लोग उसे देखने पहुंचेंगे।