डेस्क। अमेरिका में रहने वाले 30 वर्षीय भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अविनाश नारने को अपनी पत्नी रंजीता सब्बीनेनी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, करीब नौ महीने पहले हुई इस घटना की जांच के बाद सामने आया कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। आरोप है कि नारने ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और इसके बाद उसके शव की तस्वीर भारत में रह रही अपनी प्रेमिका को भेजी।
बाथरूम में मिला था पत्नी का शव, पति ने पुलिस को दी थी सूचना
मामला 27 अक्टूबर 2025 का है। पुलिस के अनुसार, नारने ने खुद इमरजेंसी सेवा को फोन कर बताया था कि उसकी पत्नी बाथरूम में बंद है और दरवाजा नहीं खोल रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बाथरूम का दरवाजा तोड़ा तो रंजीता सब्बीनेनी को फर्श पर पड़ा पाया। मेडिकल टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूछताछ के दौरान नारने ने दावा किया कि वह किसी काम से अपार्टमेंट से बाहर गया था और करीब 40 मिनट बाद वापस लौटा। लौटने पर उसने पत्नी को बाथरूम में बंद पाया। हालांकि, जांच अधिकारियों को इस दौरान किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने के कोई सबूत नहीं मिले।
मेडिकल रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज, गला घोंटने से हुई मौत
घटना के अगले दिन किंग काउंटी मेडिकल एग्जामिनर ऑफिस ने रंजीता की मौत को हत्या करार दिया। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी मौत गला घोंटे जाने से दम घुटने के कारण हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच को हत्या के एंगल से आगे बढ़ाया और कई डिजिटल सबूत जुटाए।
शादी के बाद भी जारी था भारत में प्रेम संबंध, जांच में हुआ खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि नारने का भारत में रहने वाली एक महिला के साथ कई वर्षों से कथित प्रेम संबंध था। जांच अधिकारियों के अनुसार, नारने ने इस रिश्ते के दौरान ही 5 जून 2025 को रंजीता सब्बीनेनी से शादी की थी। पुलिस का दावा है कि उसकी प्रेमिका शादी समारोह में भी शामिल हुई थी। हालांकि, शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
पत्नी की हत्या के बाद प्रेमिका को भेजी शव की तस्वीर
पुलिस के अनुसार, हत्या वाले दिन नारने ने अपनी प्रेमिका को कई बार फोन किया था। इनमें वह समय भी शामिल था जब वह कथित तौर पर पुलिस को बता रहा था कि वह बाथरूम का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहा है। जांच अधिकारियों का आरोप है कि नारने ने अपनी पत्नी के शव की तस्वीर भी अपनी प्रेमिका को भेजी थी।
‘ड्रिंक का स्वाद कड़वा है’, पत्नी के पुराने मैसेज बने जांच का हिस्सा
जांच के दौरान पुलिस को रंजीता और नारने के बीच हुए कई टेक्स्ट मैसेज मिले। इन संदेशों में रंजीता ने कई बार शिकायत की थी कि उनके पति द्वारा बनाए गए ड्रिंक का स्वाद अजीब और कड़वा होता था। मौत वाले दिन भी उन्होंने अपने पति को मैसेज कर बताया था कि उनके बनाए स्मूदी का स्वाद दवा और कफ सिरप जैसा लग रहा था। पुलिस इन संदेशों को जांच में अहम डिजिटल सबूत के तौर पर देख रही है।
फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप, उम्रकैद तक हो सकती है सजा
जांच पूरी होने के बाद 5 जुलाई को अविनाश नारने पर फर्स्ट-डिग्री मर्डर का आरोप लगाया गया। अधिकारियों के अनुसार, अगर अदालत में आरोप साबित होते हैं तो आरोपी को उम्रकैद जैसी कठोर सजा का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है और पुलिस सभी डिजिटल एवं परिस्थितिजन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।