देर रात से सुबह तक तीन देशों में कांपी धरती, NCS ने की पुष्टि
डेस्क। भारत, इंडोनेशिया और म्यांमार में देर रात से रविवार सुबह तक कई शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने इसकी पुष्टि की है। इंडोनेशिया में सुबह 5:07 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 मापी गई। इसका केंद्र धरती के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
म्यांमार में 4.6, त्रिपुरा के धलाई में 3.8 और नरसिंहपुर में 2.5 रही तीव्रता
इससे पहले देर रात 11:42 बजे म्यांमार में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। भारत के त्रिपुरा और मध्य प्रदेश में भी धरती हिली। त्रिपुरा के धलाई में रात 12:57 बजे 3.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र 30 किलोमीटर की गहराई पर था। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में रात 1:16 बजे 2.5 तीव्रता का झटका लगा।
इंडोनेशिया में घरों से बाहर निकले लोग, कई घंटे सड़कों पर रहे
NCS के अनुसार, तीनों देशों में भूकंप से जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। न कोई घायल हुआ है और न ही संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद इंडोनेशिया में लोगों में दहशत है। झटके इतने तेज थे कि लोग घरों से बाहर निकल आए और कई घंटे सड़कों पर ही रहे।
सरकार ने उतारीं राहत टीमें, लोगों से घबराने की बजाय इमरजेंसी नंबर पर कॉल करने की अपील
इंडोनेशिया सरकार ने राहत और बचाव टीमों को मैदान में उतार दिया है, जो प्रभावित इलाकों की निगरानी कर रही हैं। सरकार ने लोगों से पैनिक न करने और आपात स्थिति में इमरजेंसी नंबरों पर कॉल करने की अपील की है।
भूकंप आए तो क्या करें: विशेषज्ञों की सलाह
भूकंप वैज्ञानिकों के मुताबिक झटके लगने पर घबराना नहीं चाहिए और सुरक्षित जगह पर जाना चाहिए।
- घर या ऑफिस में: मजबूत टेबल या फर्नीचर के नीचे छिप जाएं और उसे मजबूती से पकड़ लें। सिर और गर्दन को हाथों से ढकें। खिड़कियों, शीशों और भारी सामान से दूर रहें। लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
- बाहर हों तो: इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर हट जाएं।
- ड्राइविंग के दौरान: गाड़ी को सुरक्षित जगह रोकें और झटके थमने तक अंदर ही रहें।
- अफवाहों से बचें: सिर्फ सरकारी अपडेट्स पर भरोसा करें।