कोलकाता: दिग्गज अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी के नेता मिथुन चक्रवर्ती की शुक्रवार को कोलकाता के ई.एम. बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल में सफल सर्जरी हुई। उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलते ही पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान जादवपुर की विधायक शर्बरी मुखर्जी सहित अन्य प्रतिनिधि भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से मुलाकात कर अभिनेता के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
हाथ की हुई सर्जरी, स्वास्थ्य स्थिर
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, ‘महागुरु’ के नाम से मशहूर मिथुन चक्रवर्ती के हाथ की सर्जरी की गई है। डॉक्टरों का कहना है कि ऑपरेशन सफल रहा और उनकी स्थिति फिलहाल पूरी तरह स्थिर है। यदि स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार जारी रहा तो उन्हें अगले एक-दो दिनों में अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
सीधे आवास से अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री
शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अपने चिनार पार्क स्थित आवास से सीधे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से भी बातचीत कर इलाज और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
पहले भी घर जाकर की थी मुलाकात
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने न्यू टाउन स्थित मिथुन चक्रवर्ती के आवास पर भी जाकर उनसे मुलाकात की थी। दोनों नेताओं की यह मुलाकात उस समय भी चर्चा का विषय बनी थी।
स्वास्थ्य चुनौतियों के बावजूद चुनाव प्रचार में रहे सक्रिय
मिथुन चक्रवर्ती ने बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लिए पूरे राज्य में व्यापक चुनाव प्रचार किया था। कई रैलियों और रोड शो के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की खबरें भी सामने आई थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने चुनाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।