डेस्क। संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर दर्शकों का एक्साइटमेंट लगातार बढ़ रहा है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फर्स्ट लुक के बाद अब मेकर्स ने विक्की कौशल का पहला लुक भी सामने ला दिया है। विंटेज अंदाज में जारी किए गए इस पोस्टर में विक्की का लुक बेहद इंटेंस और रहस्यमयी नजर आ रहा है।
चेहरे पर चोट, हाथ में सिगरेट… विक्की ने बढ़ाई धड़कनें
विक्की कौशल के फर्स्ट लुक पोस्टर में उनका चेहरा चोट के निशानों से भरा नजर आता है। आंखों में गुस्सा और चेहरे पर गंभीरता साफ दिखाई दे रही है। हाथ में सिगरेट और दूसरे हाथ में लाइटर लिए विक्की उसे जलाते नजर आ रहे हैं। विंटेज हेयरस्टाइल और मूंछों के साथ उनका यह रेट्रो लुक फिल्म की कहानी के दौर की झलक देता है। पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर विक्की के इस अंदाज की चर्चा शुरू हो गई है।
‘नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं!’
विक्की ने पोस्टर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं!’ एक्टर की इस लाइन ने उनके किरदार को लेकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। पोस्टर के साथ फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आई है। ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
आलिया ने किया फायर, सोनम ने बजाईं तालियां
विक्की का लुक सामने आते ही फिल्म की स्टारकास्ट और बॉलीवुड से भी रिएक्शन आने लगे। आलिया भट्ट ने पोस्टर पर फायर इमोजी के जरिए अपना रिएक्शन दिया, वहीं सोनम कपूर ने ताली बजाने वाले इमोजी के साथ विक्की के लुक की तारीफ की।
पहले रणबीर, फिर आलिया… अब विक्की की बारी
मेकर्स ने फिल्म के तीनों लीड किरदारों के लुक को एक-एक करके रिवील किया है। सबसे पहले रणबीर कपूर का फर्स्ट लुक सामने आया था। पोस्टर में वह एक विंटेज स्पोर्ट्स कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे नजर आए थे। उनके हाथ पर गोली लगने का निशान भी दिखाई दे रहा था। इसके बाद आलिया भट्ट का फर्स्ट लुक जारी किया गया। लाल रंग के आउटफिट में नजर आईं आलिया के पोस्टर का बैकग्राउंड 1960-70 के दशक के रेट्रो कैबरे माहौल की याद दिलाता है। तीनों पोस्टर्स को देखकर फिल्म के पीरियड और किरदारों को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक तीनों किरदारों की कहानी और उनके आपसी रिश्तों को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
रोमांस के साथ दिखेगा युद्ध का रंग
संजय लीला भंसाली की यह फिल्म एक रोमांटिक वॉर ड्रामा बताई जा रही है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार एक साथ नजर आएंगे। ‘लव एंड वॉर’ को हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी दुनिया भर में रिलीज किया जाएगा।
‘ब्रह्मास्त्र’ के बाद फिर साथ आए रणबीर-आलिया
‘लव एंड वॉर’ रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की साथ में दूसरी फिल्म है। इससे पहले दोनों अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र’ में साथ नजर आए थे। वहीं, विक्की कौशल का संजय लीला भंसाली के साथ यह पहला प्रोजेक्ट है। फिल्म की घोषणा जनवरी 2024 में की गई थी और रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे करीब 425 करोड़ रुपये के बजट में बनाया जा रहा है।
क्या विक्की का किरदार खोलेगा कहानी का सबसे बड़ा राज?
रणबीर और आलिया के बाद विक्की कौशल का इंटेंस फर्स्ट लुक सामने आने से फिल्म को लेकर रहस्य और गहरा गया है। जख्मी चेहरा, सिगरेट, गुस्से से भरी आंखें और रेट्रो लुक—पोस्टर में विक्की का अंदाज साफ संकेत देता है कि उनका किरदार कहानी में अहम भूमिका निभा सकता है।अब फैंस की नजर इस बात पर है कि भंसाली की इस पीरियड वॉर ड्रामा में तीनों किरदारों की कहानी किस मोड़ पर एक-दूसरे से जुड़ती है।