डेस्क। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद यूसुफ पठान (Yusuf Pathan) के तीन रिश्तेदारों की गिरफ्तारी के मामले ने राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इन पर आरोप है कि उन्होंने 31 वर्षीय एक व्यक्ति पर हमला किया। इस घटना के एक दिन बाद यूसुफ पठान की सास नसीबजान मोहम्मद खलीक ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है और इसे साजिश बताया है।
जानबूझकर बढ़ाया गया मामला
मीडिया से बातचीत में नसीबजान खलीक ने कहा कि यह घटना बच्चों के बीच हुई मामूली झड़प से शुरू हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई थीं। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बिना किसी ठोस आधार के उनके परिवार को बदनाम किया जा रहा है।
दामाद को बनाया जा रहा निशाना
हमारे बच्चों को भी चोटें आई हैं और वे भी घायल हुए थे। लेकिन बिना किसी वजह के हमारे दामाद यूसुफ पठान की छवि खराब की जा रही है। हमने कभी किसी पर दबाव नहीं डाला और न ही किसी को धमकी दी है।
चुनाव से पहले छवि खराब करने की कोशिश
नसीबजान खलीक ने इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले यह यूसुफ पठान की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि यह मामला बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और इसके पीछे राजनीतिक मकसद हो सकता है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, यूसुफ पठान के तीन रिश्तेदारों को कथित तौर पर एक व्यक्ति पर हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित व्यक्ति अपनी कार से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पर भरे पानी वाले गड्ढे में कार का पहिया जाने से पानी पास खड़े लोगों पर उछल गया। इस छोटी सी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।
कब है बंगाल चुनाव?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को बाकी 142 सीटों पर मतदान होगा।