Home » एक्सक्लूसिव » नंदीग्राम उपचुनाव में बीजेपी का बड़ा दांव, दिवंगत PA चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ पर जताया भरोसा, आज भरेंगी नामांकन

नंदीग्राम उपचुनाव में बीजेपी का बड़ा दांव, दिवंगत PA चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ पर जताया भरोसा, आज भरेंगी नामांकन

पश्चिम बंगाल की चर्चित नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. . .

हल्दिया/नंदीग्राम। पश्चिम बंगाल की चर्चित नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। उम्मीदवार के नाम को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर अब पूरी तरह विराम लग गया है। नंदीग्राम सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होना है। बीजेपी प्रत्याशी हसीरानी रथ मंगलवार को हल्दिया स्थित उप-विभागीय अधिकारी (SDO) कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगी। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

टिकट मिलते ही मंदिर पहुंचीं हसीरानी रथ

बीजेपी से उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा के बाद हसीरानी रथ ने मंगलवार सुबह रेयापाड़ा स्थित मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। हसीरानी रथ ने भरोसा जताया कि पार्टी संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है और वह चुनाव में बड़ी जीत हासिल करेंगी। हालांकि वह पहली बार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ रही हैं, लेकिन राजनीति में उनका पुराना अनुभव रहा है।

तीन दशक से ज्यादा समय से राजनीति में सक्रिय

हसीरानी रथ वर्ष 1988 से सक्रिय राजनीति में हैं। वह पंचायत स्तर पर कई बार जनप्रतिनिधि रह चुकी हैं और अब बीजेपी ने उन्हें नंदीग्राम जैसे हाई-प्रोफाइल विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारकर बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। पार्टी के इस फैसले से साफ है कि स्थानीय स्तर पर उनकी राजनीतिक पकड़ और क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को भी महत्व दिया गया है।

सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे से खाली हुई नंदीग्राम सीट

नंदीग्राम विधानसभा सीट मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ा था और दोनों जगह जीत दर्ज की थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद संवैधानिक प्रावधानों के तहत उन्हें एक सीट छोड़नी थी। उन्होंने भवानीपुर सीट बरकरार रखते हुए नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद इस सीट पर उपचुनाव की स्थिति बनी।

उम्मीदवार को लेकर कई नामों पर चल रही थी चर्चा

नंदीग्राम से बीजेपी के उम्मीदवार को लेकर लंबे समय से कई नामों पर चर्चा चल रही थी। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं मेघनाद पाल और अंजन पाल के नाम भी संभावित उम्मीदवारों की दौड़ में बताए जा रहे थे। हालांकि, अंतिम समय में पार्टी ने हसीरानी रथ के नाम पर मुहर लगाई। उनके चयन को मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के करीबी माने जाने वाले परिवार के साथ भावनात्मक और राजनीतिक जुड़ाव के तौर पर भी देखा जा रहा है।

नामांकन से पहले शक्ति प्रदर्शन करेगी बीजेपी

हसीरानी रथ के नामांकन को लेकर बीजेपी ने बड़े राजनीतिक कार्यक्रम की तैयारी की है। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की मौजूदगी में हल्दिया के कदमताला में जनसभा आयोजित की जाएगी। जनसभा के बाद बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में पदयात्रा निकाली जाएगी। यह पदयात्रा कदमताला से शुरू होकर करीब 2 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके बाद हसीरानी रथ हल्दिया SDO कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगी।

बेटे के निधन के बाद मां को मिला चुनावी टिकट

हसीरानी रथ के लिए यह चुनाव व्यक्तिगत तौर पर भी बेहद भावनात्मक है। उनके बेटे चंद्रनाथ रथ का असमय निधन हो चुका है। इसी पारिवारिक त्रासदी के बीच बीजेपी ने उन्हें नंदीग्राम से प्रत्याशी बनाया है। उम्मीदवारी मिलने के बाद हसीरानी रथ ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी और पार्टी संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरा उतरने की कोशिश करेंगी। अब बीजेपी के इस फैसले के बाद नंदीग्राम का उपचुनाव और भी दिलचस्प हो गया है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की प्रतिष्ठा से जुड़ी इस सीट पर हसीरानी रथ की उम्मीदवारी के साथ चुनावी मुकाबला किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम