पटना। बिहार का अगला सीएम कौन होगा, इसका फैसला अब से कुछ घंटे बाद हो जाएगा। आज नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के तौर पर आखिरी कैबिनेट मीटिंग चल रही है। इसके बाद वो पद से इस्तीफा दे देंगे। नीतीश के इस्तीफे के बाद उनके उत्तराधिकारी का चुनाव होगा। लेकिन ये उत्तराधिकारी कौन होगा इस पर हर किसी की नजर है। दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी। हालांकि औपचारिक ऐलान शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक में होगा।
निशांत कुमार के डिप्टी CM बनने की चर्चा तेज
नए सीएम और उनके मंत्रिमंडल को लेकर कुछ ही घंटों में तस्वीर साफ होने वाली है लेकिन नए सीएम के साथ मंत्रियों के नामों को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। कई संभावित चेहरों के शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही है उनमें से कई चेहरे वहीं हैं जो मौजूदा नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल हैं। लेकिन सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के डिप्टी सीएम बनने की भी चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार बिहार की नई सरकार में 2 डिप्टी सीएम नहीं होंगे सिर्फ निशांत कुमार के रूप में एक ही उप मुख्यमंत्री होंगे। जबकि अभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बीजेपी कोटे से 2 उप मुख्यमंत्री भी हैं।
‘नॉन-परफॉर्मिंग’ मंत्रियों की छुट्टी?
इसी के साथ ये भी संभावना जताई जा रही है कि बिहार की नई सरकार में बीजेपी के कुछ नए चेहरे मंत्री बन सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि बीजेपी अपने कोटे से कुछ ‘नॉन-परफॉर्मिंग’ मंत्रियों की छुट्टी कर सकती है। उनकी जगह नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है। लेकिन वो चेहरे कौन कौन हो सकते हैं उसको लेकर कयासों का बाजार गर्म है। इसके अलावा, नितिन नवीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई जगह को किसी प्रभावशाली नए चेहरे से भरे जाने का संभावना है।
आज नहीं होगी JDU विधायक दल की बैठक
जहां आज नए सीएम का ऐलान होने वाला है, उससे पहले जेडीयू विधायक दल की आज होने वाली बैठक टल गई है। अब ये बैठक कल होगी। जेडीयू के नेता श्रवण कुमार ने ये जानकारी दी। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद उनके उत्तराधिकारी का आज चुनाव होने जा रहा है। दोपहर 3 बजे बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी जिसमें नए सीएम के नाम पर मुहर लग जाएगी। आज ही शाम 4 बजे NDA विधायक दल की बैठक होगी जिसमें सीएम का औपचारिक ऐलान होगा।
सहयोगी दलों के संभावित मंत्री
संतोष कुमार सुमन
संजय पासवान
संजय कुमार सिंह
दीपक प्रकाश
बीजेपी कोटे के संभावित मंत्री
विजय कुमार सिन्हा
मंगल पाण्डेय
रामकृपाल यादव
दिलीप जायसवाल
श्रेयसी सिंह
लखेंद्र पासवान
रमा निषाद
प्रमोद कुमार चंद्रवंशी
अरुण शंकर प्रसाद
संजय सिंह टाईगर
तेजस्वी ने नीतीश पर क्या आरोप लगाया?
एक ओर NDA नए सीएम के शपथ ग्रहण की तैयारी कर रही है तो दूसरी ओर RJD ने सीएम बदले जाने पर बीजेपी पर जोरदार हमला बोला। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की सरकार अब रिमोर्ट कंट्रोल से चलेगी। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार पर बिहार का खजाना खाली करने और बिहार को बदहाल छोड़कर जाने का भी आरोप लगाया।
कौन होगा नीतीश कुमार का उत्तराधिकारी?
सवाल है कि बीजेपी किसे अगले सीएम के तौर पर चुनेगी। पिछले कई दिनों से कई नामों को लेकर कयासबाजी चल रही है। तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही है लेकिन बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सीएम की रेस में सबसे आगे हैं। जातीय समीकरणों के लिहाज से भी सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनान तय है। वो नीतीश कुमार के लव-कुश समीकरण यानी कुर्मी-कुशवाहा वोट बैंक के लिहाज से भी फिट बैठते हैं। साथ ही सम्राट पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों के ही भरोसेमंद माने जाते हैं।