नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन हरियाली दिख रही है। प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 362.21 (0.48%) अंकों की बढ़त के साथ 75,677.25 के स्तर पर जबकि निफ्टी 91.46 (0.39%) अंक मजबूत होकर 23,741.40 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
इंफोसिस और एशियन पेंट्स के शेयरों में दो-दो प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 18 पैसे गिरकर 96.38 पर आ गया।
इससे पहले, सोमवार को प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती नुकसान की भरपाई कर हरे निशान पर बंद हुए थे।
सेंसेक्स मामूली रूप से 77.05 अंकों की वृद्धि दर्ज कर 75,315.04 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 6.45 अंकों की बढ़त के साथ 23,649.95 पर कारोबार समाप्त हुआ था।
सोमवार के कारोबारी सत्र के बाद एयरटेल में 2% की वृद्धि, टाटा स्टील में 3% की गिरावट दर्ज की गई थी। डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर 96.33 (अस्थायी) पर स्थिर रहा था।
सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर तेजी के साथ खुले। आईटी कंपनियों में सबसे ज्यादा तेजी आई है। इन्फोसिस का शेयर 3.02 फीसदी तेजी के साथ खुला। टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक, आईटीसी, बजाज फाइनेंस और अडानी पोर्ट्स में भी तेजी रही। दूसरी ओर, टाइटन, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, बीईएल, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व और एचडीएफसी बैंक में गिरावट रही।
ब्रॉडर बाजार का हाल
निफ्टी में इन्फोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा में सबसे ज्यादा तेजी आई। ब्रॉडर मार्केट्स में निफ्टी मिडकैप में 0.41 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.45 फीसदी तेजी आई है। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी आईटी में करीब 4 फीसदी तेजी आई है। निफ्टी केमिकल और निफ्टी एफएमसीजी ने भी आउटपरफॉर्म किया। निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में गिरावट रही।
शेयर बाजार की चाल
घरेलू शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 300 अंक उछला, निफ्टी में 100 अंक ऊपर
इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल, आईटीसी और बजाज फाइनेंस में तेजी
टाइटन, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, बीईएल और भारती एयरटेल लुढ़के
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में रोकी सैन्य कार्रवाई, कच्चे तेल की कीमत में 2% गिरावट
क्यों आई तेजी?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि मिडिल ईस्ट के नेताओं के अनुरोध पर उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोक दी है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ ऐसा समझौता किया जाएगा तो अमेरिका के साथ-साथ पश्चिम एशिया के दूसरे देशों को भी स्वीकार्य होगा। उनके इस बयान के बाद कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड 1.89 फीसदी गिरावट के साथ अभी 110 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।