कोलकाता। पश्चिम बंगाल में 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरण में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है और ईवीएम, बैलेट पेपर को पूरी तरह से सुरक्षित रखा गया है। अब चार मई की सुबह से बैलेट बॉक्स और ईवीएम खुलेंगे औऱ मतगणना शुरू हो जाएगी। इससे पहले एग्जिट पोल के नतीजे सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल में हंगामा शुरू हो गया है। टीएमसी ने स्ट्रांग रूम के भीतर अनियमितता का आरोप लगाया है और इससे संबंधित वीडियोज सोशल मीडिया पर शेयर किया है। हालांकि चुनाव आयोग और हाई कोर्ट का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी होने का कोई चांस ही नहीं है। अब भाजपा और टीएमसी के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है।
“चोर मचाए शोर”, भाजपा का बड़ा आरोप
टीएमसी नेताओं के स्ट्रांग रूम के सामने धरने पर एंटाली से भाजपा उम्मीदवार प्रियंका तिबरेवाल ने कहा, “चोर मचाए शोर। यहां सब कुछ सीसीटीवी की निगरानी में है – स्ट्रांग रूम, स्ट्रांग रूम के बाहर का इलाका और हर जगह। तो फिर ये लोग इतने परेशान क्यों हैं? इनके प्रतिनिधि बाहर बैठे हैं। टीएमसी का यह पहला चुनाव नहीं है। उन्हें प्रक्रिया पता है…”
स्ट्रांग रूम के बाहर बढ़ाई गई सिक्योरिटी
खुदीराम अनुशीलन केंद्र पर सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। कल रात के हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आज खुदीराम अनुशीलन केंद्र को बड़े बैरिकेड्स से घेर दिया गया है। सिक्योरिटी के लिए बाहर सेंट्रल फोर्स तैनात की गई है। कोलकाता पुलिस के अधिकारी भी मौजूद हैं। इस बीच, बेलेघाटा से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कुणाल घोष नज़र रखने के लिए पहुंच गए हैं।
भाजपा ने ममता बनर्जी पर लगाया आरोप
भाजपा के समर्थकों ने भबानीपुर सीट पर तृणमूल कांग्रेस की गाड़ी को घेर लिया और आरोप लगाया कि सीएम ममता बनर्जी जब आईं थीं तो उस वाहन में कुछ लेकर आईं थीं। इसे लेकर सामने आईं तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ममता की गाड़ी के आसपास काफी संख्या में लोग मौजूद हैं। हालांकि, अब तक साफ नहीं है कि इसे लेकर पुलिस या चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई गई या नहीं।