कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायक रथींद्र बोस को पश्चिम बंगाल की 18वीं विधानसभा के अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है। बोस कूच बिहार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि कूच बिहार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक रथींद्र बोस को पश्चिम बंगाल की 18वीं विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। अधिकारी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रथींद्र बोस की उम्मीदवारी को सभी दलों का समर्थन मिलेगा और उन्हें सर्वसम्मति से चुना जाएगा।
विधानसभा चुनाव में कितने वोटों के अंतर से जीते बोस?
भाजपा के रथींद्र बोस ने कूच बिहार दक्षिण सीट से भाजपा के उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी। बोस ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) उम्मीदवार अविजित डे भौमिक को पटखनी दी और 23,284 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें 108,482 वोट मिले। वहीं, टीएमसी उम्मीदवार को 85,198 वोट मिले थे। इस सीट पर 23 दौर की मतगणना चली। कभी टीएमसी तो कभी भाजपा के उम्मीदवार आगे जाते दिखे। हालांकि, एक बार भाजपा उम्मीदवार ने बढ़त बनाई तो जीत सुनिश्चित की।
चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत
विधानसभा की 283 सीटों के लिए दो चरणों में मतदान कराया गया था। चार मई को परिणाम घोषित किए गए थे। भाजपा ने बंगाल में प्रचंड जीत हासिल करते हुए 207 सीटें अपनी झोली में डालीं। इसके साथ ही भाजपा ने पहली बार बंगाल में सरकार बनाने का रास्ता तय किया। वहीं, टीएमसी जो बीते 15 साल से सत्ता पर काबिज थी, उसे उन सीटों पर भी नुकसान झेलना पड़ा, जहां कभी दबदबा था। टीएमसी को 80 सीटों पर संतोष करना पड़ा। वहीं, कांग्रेस का इस चुनाव में भी बुरा हाल हुआ। कांग्रेस दो सीटों पर सिमट गई। जबकि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में किसी पार्टी से गठबंधन न कर अकेले चुनाव में जाने का एलान किया था। जनता ने कांग्रेस के उम्मीदवारों पर भरोसा नहीं जताया।
हाल ही में कोलकाता में भव्य शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा की पहली बार सरकार बनी। शुभेंदु अधिकारी भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने। इस दौरान पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।