Home » एक्सक्लूसिव » बंगाल में आतंकी नेटवर्क की आहट ? , NIA की पांच ठिकानों पर छापेमारी; एक युवक हिरासत में

बंगाल में आतंकी नेटवर्क की आहट ? , NIA की पांच ठिकानों पर छापेमारी; एक युवक हिरासत में

पश्चिम बंगाल में कथित आतंकी नेटवर्क और स्लीपर सेल से जुड़े मामले की जांच के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को कई स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई असम में दर्ज एक मामले से जुड़ी. . .

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में कथित आतंकी नेटवर्क और स्लीपर सेल से जुड़े मामले की जांच के तहत राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार को कई स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई असम में दर्ज एक मामले से जुड़ी जांच के सिलसिले में की गई है। जांच एजेंसी की टीमों ने डायमंड हार्बर, पूर्वी बर्दवान और दक्षिण दिनाजपुर समेत राज्य के पांच अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान पूर्वी बर्दवान से एक युवक को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

सुबह तड़के दक्षिण दिनाजपुर पहुंची NIA की टीम

दक्षिण दिनाजपुर जिले के बंशीहारी थाना क्षेत्र के कुशकारी मुंडेहार गांव में NIA की टीम मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे पहुंची। अधिकारियों ने किसान मिजानुर रहमान के घर की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। गंगारामपुर सब-डिवीजन के प्रशासनिक अधिकारी भी NIA की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तलाशी की खबर फैलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी।

पूर्वी बर्दवान से युवक हिरासत में

इसी जांच के तहत NIA के अधिकारी पूर्वी बर्दवान के मंगलकोट भी पहुंचे। यहां एक युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई। जांच एजेंसी को कथित तौर पर युवक के प्रतिबंधित बांग्लादेशी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) से संभावित संबंध होने का संदेह है। हालांकि, इस संबंध में जांच एजेंसी की ओर से अंतिम पुष्टि सामने नहीं आई है।

एक अन्य घर में भी तलाशी

दक्षिण दिनाजपुर के कुशकारी इलाके में मुजीबुर रहमान के घर पर भी NIA की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। बताया जा रहा है कि अधिकारियों ने परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की। जांच एजेंसी किन दस्तावेजों या अन्य सामग्री की तलाश कर रही थी, इसे लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

मुजीबुर रहमान के बारे में परिवार ने क्या बताया?

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, मुजीबुर रहमान उच्च शिक्षा के लिए प्रयागराज में रह रहे हैं और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी भी कर रहे हैं। NIA की टीम उनके घर पहुंची तो वह वहां मौजूद नहीं थे। इसके बाद अधिकारियों ने उनके पिता मिजानुर रहमान से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ कई घंटे तक चली। मिजानुर रहमान ने दावा किया कि पूछताछ के बाद उनसे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए।

स्थानीय लोगों ने आरोपों पर जताई अनभिज्ञता

छापेमारी के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थानीय लोगों के एक समूह ने परिवार के किसी आतंकी संगठन से संबंध होने की जानकारी से इनकार किया है। वहीं, NIA की कार्रवाई का वास्तविक आधार क्या है और जांच में एजेंसी को अब तक क्या जानकारी मिली है, इसे लेकर फिलहाल आधिकारिक विवरण का इंतजार है।

असम केस से जुड़ी है कार्रवाई

NIA की यह कार्रवाई असम में दर्ज एक मामले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। एजेंसी कथित तौर पर पश्चिम बंगाल में संदिग्ध नेटवर्क और उसके संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही है। फिलहाल जांच जारी है और हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के अलावा अलग-अलग स्थानों पर मिले दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम