कोलकाता । पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है, जिसमें 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। उत्तर बंगाल, जंगलमहल, मुर्शिदाबाद, बीरभूम, पश्चिम बर्धमान और पूर्व मिदनापुर समेत कई इलाकों में मतदान के दौरान तनावपूर्ण घटनाओं की खबरें सामने आई हैं।
पूर्व मिदनापुर के पोटाशपुर में एक भाजपा कार्यकर्ता की मतदान के दौरान लाइन में खड़े-खड़े अचानक मौत हो गई। मृतक की पहचान 62 वर्षीय निपेंद्रनाथ दास के रूप में हुई है।
मालदा में एक तृणमूल कार्यकर्ता पर बूथ के अंदर मोबाइल पर बात कर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगा है, जिससे वहां कुछ समय के लिए तनाव फैल गया।
मुर्शिदाबाद के डोमकल में बूथ नंबर 130 और 131 पर बूथ जाम करने और मतदाताओं को रोकने के आरोप सत्तारूढ़ दल पर लगे हैं।
वहीं पश्चिम मिदनापुर के नारायणगढ़ में केंद्रीय बलों पर तृणमूल कार्यकर्ताओं से मारपीट करने का आरोप लगा है, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं।
नंदीग्राम में एक निर्दलीय उम्मीदवार के एजेंट के साथ कथित मारपीट और धक्का-मुक्की की घटना भी सामने आई है, हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों से इनकार किया है। इसके अलावा केशपुर में एक महिला मतदाता की वोट देने के बाद घर लौटते समय तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, जिसे लेकर परिवार ने चिंता और तनाव को कारण बताया है। मतदान के बीच लगातार आ रही इन घटनाओं ने राज्य में चुनावी माहौल को और अधिक संवेदनशील बना दिया है।