सिवान। बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। सीवान जिले में रविवार की अहले सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी सोनू यादव मारा गया। सोनू पर पूर्व भाजपा एमएलसी मनोज सिंह के भांजे हर्ष सिंह की हत्या का आरोप था। 29 अप्रैल को गाड़ी सटने के मामूली विवाद में हर्ष और उनके पिता पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसमें हर्ष की मौत हो गई थी। इस दुस्साहसिक घटना का वीडियो आने के बाद पुलिस पर दबाव था। पुलिस ने अब मुख्य आरोपी को ढेर कर बड़ी कार्रवाई की है
हुसैनगंज के सरेया में तड़के हुई मुठभेड़
बताया गया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी सोनू यादव हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया इलाके में छिपा है। रविवार सुबह जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की, तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाईं, जिसमें सोनू यादव ढेर हो गया। वो इसी इलाके का निवासी था और घटना के बाद से ही फरार चल रहा था।
कार के सटने के विवाद में चली थी गोलियां
ये पूरा मामला 29 अप्रैल का है, जब सड़क पर गाड़ी सटने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने पूर्व एमएलसी के बहनोई और उनके बेटे हर्ष पर गोलियां चला दीं। हर्ष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें आरोपी सरेआम हथियार लहराते दिखे थे।
सिवान रोडरेज मामले में बड़ी कार्रवाई
सोनू यादव: एनकाउंटर में मारा गया मुख्य आरोपी।
छोटू यादव: कुछ दिन पहले पुलिस ने इसके पैर में गोली मारकर (हाफ एनकाउंटर) गिरफ्तार किया था।
सुनील यादव: घटना के वक्त कार के ड्राइवर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अन्य आरोपी: पुलिस की कई टीमें फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
सिवान के हर्ष हत्याकांड में ताबड़तोड़ कार्रवाई
सिवान के नगर थाना पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में तकनीकी जांच के आधार पर हत्या में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया। इसके साथ ही चालक सुनील यादव, जो हुसैनगंज के खरसंडा का रहने वाला है, उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस का दावा है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। बारिश के दौरान मामली विवाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी।