चेन्नई। एक्टर और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण हाल ही अपने एक युवा फैन से मिलने पहुंचे, जो एक दुर्लभ जेनेटिक बीमारी से जूझ रहा है। पवन कल्याण हनुमाकोंडा पहुंचे और 17 साल के अपने फैन से मिले। उन्होंने उसके और परिवार के साथ काफी समय बिताया। साथ ही इलाज के लिए एक लाख रुपये की मदद दी। फैंस पवन कल्याण के इस जेस्चर की तारीफ कर रहे हैं।
मालूम हो कि 17 साल का निरंजन एक दुर्लभ किस्म की जेनेटिक बीमारी से पीड़ित है, और इसके कारण उसके शरीर का विकास रुक गया। वह लंबे समय से बिस्तर पर है। निरंजन ने अपनी अंतिम इच्छा जताई थी कि वह पवन कल्याण से मिले। इसके बारे में एक्टर को उनकी पार्टी के लोगों ने बताया। जानकारी मिलते ही युवा फैन के साथ पवन कल्याण की मुलाकात फिक्स की गई। वह तुरंत निरंजन से मिलने हनुमाकोंडा पहुंचे।
निरंजन से मिले, परिवार से इलाज की जानकारी ली
पवन कल्याण ने निरंजन के परिवार से भी मुलाकात की और उसके इलाज के लिए आर्थिक सहयोगी भी दिया। साथ में श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर का प्रसाद भी भेंट किया। वह निरंजन के लिए मंदिर भी गए थे और वहां से थाल भी ले गए। यही नहीं, पवन कल्याण, निरंजन के पास उसके बिस्तर पर भी बैठे और उसका हाथ अपने हाथों में थामकर हौसला दिया। पवन कल्याण ने फिर परिवार से बात की और निरंजन की स्थिति के बारे में पूछा। उसे कौन सा ट्रीटमेंट दिया जा रहा है और कैसा इलाज चल रहा है, इसके बारे में भी जानकारी ली।
निरंजन को गले लगाकर रोए, 1 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी
पवन कल्याण ने फिर निरंजन के परिवार को हिम्मत रखने की सलाह दी और कहा कि उनके बच्चे के साथ भगवान का आशीर्वाद है। इसके बाद वह निरंजन से मिलकर भावुक हो गए। उसे प्यार से गले लगाया और माथा भी चूमा। निरंजन ने पवन कल्याण को बताया कि वह बचपन से ही उनका फैन है। यह सुनकर एक्टर अपने आंसू नहीं रोक सके। फिर उन्होंने निरंजन के उन दिनों के वीडियो और तस्वीरें देखीं, जब वह हेल्दी था। उनमें निरंजन, पवन कल्याण की तरह डांस करता दिखा।
परिवार के लिए कैंटीन खुलवाई
‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पवन कल्याण को जब पता चला कि निरंजन के माता-पिता काकतीय अस्पताल की कैंटीन में नौकरी करते हैं, तो उन्होंने पार्टी के लोगों को उनके लिए एक कैंटीन की व्यवस्था करने को कहा, ताकि परिवार की रोजी-रोटी चल सके।
पवन कल्याण ने कहा कि कुछ दिन पहले, मुझे वारंगल के हनुमाकोंडा के रहने वाले निरंजन का एक वीडियो मिला। वह बहादुरी से एक दुर्लभ बीमारी का सामना कर रहा है, और उसने मुझसे मिलने की दिली इच्छा जताई थी। आज मुझे उससे और उसके परिवार से मिलने और उनके साथ समय बिताने का सौभाग्य मिला। मैं वहां यह सोचकर गया था कि मैं उसकी इच्छा पूरी कर रहा हूं। लेकिन निरंजन ने मुझे प्रेरित किया। मुश्किल हालात में भी उसका साहस, हिम्मत और अटूट जज़्बा वाकई काबिले-तारीफ है।
निरंजन से भविष्य में मिलने की इच्छा की जाहिर
पवन कल्याण ने निरंजन से मुलाकात की तस्वीरें अपने X अकाउंट पर शेयर कीं और उम्मीद जताई कि वह भविष्य में उससे दोबारा मिलेंगे। यह भी बताया कि श्री वेंकटेश्वर मंदिर में उन्होंने निरंजन के ठीक होने की दुआएं मांगीं। पवन कल्याण ने निरंजन के लिए X पर लिखा, ‘कुछ दिन पहले, मुझे वारंगल के हनुमाकोंडा के रहने वाले निरंजन का एक वीडियो मिला। वह बहादुरी से एक दुर्लभ बीमारी का सामना कर रहा है, और उसने मुझसे मिलने की दिली इच्छा जताई थी। आज मुझे उससे और उसके परिवार से मिलने और उनके साथ समय बिताने का सौभाग्य मिला। मैं वहां यह सोचकर गया था कि मैं उसकी इच्छा पूरी कर रहा हूं। लेकिन निरंजन ने मुझे प्रेरित किया। मुश्किल हालात में भी उसका साहस, हिम्मत और अटूट जज़्बा वाकई काबिले-तारीफ है।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं तेलंगाना के माननीय मुख्यमंत्री, तेलंगाना सरकार और तेलंगाना पुलिस विभाग (सीनियर अधिकारियों से लेकर हर कॉन्स्टेबल तक) का उनके सहयोग और तालमेल के लिए दिल से शुक्रिया अदा करता हूं। वारंगल में मौजूद सभी लोगों, जिनमें जनसैनिक और अभिभावक नेता शामिल हैं, का मैं बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। आप लोगों ने मुझ पर हमेशा बहुत प्यार और अपनापन बरसाया है। आपका प्यार और आशीर्वाद मेरे लिए हमेशा ताकत का स्रोत रहा है और मैं इसे हमेशा संजोकर रखूंगा।’