नई दिल्ली। भारत में टेलीकॉम यूजर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में देश में करीब 55 लाख नए मोबाइल ग्राहक जुड़े। इसके साथ ही कुल वायरलेस सब्सक्राइबर बेस जुलाई के 1.28 अरब से बढ़कर अगस्त के अंत तक 1.29 अरब के पार पहुंच गया। इस दौरान वायरलेस यूजर्स की संख्या में महीने-दर-महीने 0.43 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
शहरी इलाकों में ज्यादा बढ़े मोबाइल यूजर्स
अगस्त में मोबाइल कनेक्शन बढ़ने में शहरी क्षेत्रों की भूमिका सबसे ज्यादा रही। शहरी वायरलेस सब्सक्राइबर बेस में 0.70 फीसदी की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 74.88 करोड़ यानी 748.84 मिलियन हो गया। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ोतरी की रफ्तार काफी धीमी रही। यहां वायरलेस यूजर्स की संख्या में सिर्फ 0.06 फीसदी का इजाफा हुआ और कुल ग्रामीण सब्सक्राइबर बेस 54.45 करोड़ यानी 544.58 मिलियन पर पहुंच गया।
नए ग्राहकों को जोड़ने में Jio और Airtel आगे
अगस्त में नए मोबाइल ग्राहक जोड़ने के मामले में रिलायंस जियो और भारती एयरटेल सबसे आगे रहे। जियो ने करीब 24 लाख नए ग्राहक जोड़े, जबकि एयरटेल के नेटवर्क से लगभग 21 लाख नए यूजर्स जुड़े। इस तरह महीने में जुड़े करीब 55 लाख नए ग्राहकों में बड़ी हिस्सेदारी इन दोनों कंपनियों की रही। वोडाफोन आइडिया (Vi) ने भी अगस्त में लगभग 5.06 लाख नए ग्राहक जोड़े। वहीं सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL के ग्राहक आधार में करीब 4.93 लाख की बढ़ोतरी हुई। दूसरी ओर, MTNL के ग्राहकों की संख्या में करीब 5,900 की कमी आई, जबकि रिलायंस कम्युनिकेशंस ने 87 ग्राहक गंवाए।
कुल टेलीफोन कनेक्शन भी बढ़े
मोबाइल कनेक्शन में बढ़ोतरी का असर देश के कुल टेलीफोन सब्सक्राइबर बेस पर भी देखने को मिला। वायरलेस और वायरलाइन कनेक्शन को मिलाकर कुल टेलीफोन सब्सक्राइबर बेस जुलाई के करीब 1.35 अरब से बढ़कर अगस्त में 1.36 अरब हो गया। इसमें महीने-दर-महीने 0.47 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। वायरलाइन सेगमेंट में भी 0.93 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और कुल वायरलाइन कनेक्शन 4.84 करोड़ यानी 48.45 मिलियन तक पहुंच गए।
टेली-डेंसिटी में भी हुआ सुधार
अगस्त में भारत की कुल टेली-डेंसिटी जुलाई के 94.68 फीसदी से बढ़कर 95.07 फीसदी हो गई। हालांकि, शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच अभी भी बड़ा अंतर बना हुआ है। शहरी क्षेत्रों में टेली-डेंसिटी करीब 155 फीसदी रही, जबकि ग्रामीण इलाकों में यह 61.12 फीसदी दर्ज की गई।
ब्रॉडबैंड यूजर्स का आंकड़ा 1.10 अरब के पार
देश में ब्रॉडबैंड कनेक्शन की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। TRAI के आंकड़ों के अनुसार, 1,579 ऑपरेटर्स से मिले डेटा के आधार पर कुल ब्रॉडबैंड सब्सक्राइबर बेस में अगस्त के दौरान 0.61 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 1.10 अरब के आंकड़े को पार कर गया। अगस्त के आंकड़े भारतीय टेलीकॉम सेक्टर में लगातार बढ़ती कनेक्टिविटी और खास तौर पर शहरी क्षेत्रों में मोबाइल एवं ब्रॉडबैंड सेवाओं की मजबूत मांग को दर्शाते हैं।