Home » देश » भारी बारिश से देशभर में बिगड़े हालात: सिक्किम में NH-10 बंद, MP-राजस्थान में बाढ़ जैसे हालात; यूपी में हाईवे पर बह रहा गंगा का पानी

भारी बारिश से देशभर में बिगड़े हालात: सिक्किम में NH-10 बंद, MP-राजस्थान में बाढ़ जैसे हालात; यूपी में हाईवे पर बह रहा गंगा का पानी

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सिक्किम में भूस्खलन और मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) बाधित हो गया है, जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों. . .

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सिक्किम में भूस्खलन और मलबा आने से राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) बाधित हो गया है, जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। उत्तर प्रदेश में गंगा-यमुना समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और कुछ इलाकों में गंगा का पानी हाईवे तक पहुंच गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 124 सड़कें बंद हैं।

सिक्किम में NH-10 पर मलबा आने से यातायात ठप

सिक्किम के बरदांग में रातभर हुई भारी बारिश के कारण 20 माइल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इसके चलते सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।NH-10 सिक्किम को पश्चिम बंगाल से जोड़ने वाला बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रास्ते से स्थानीय लोगों, पर्यटकों, व्यावसायिक वाहनों और आवश्यक सामान की आवाजाही होती है। सड़क बंद होने से कई वाहन रास्ते में फंस गए और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और सड़क साफ करने वाली टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का काम जारी है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन आसपास के क्षेत्रों में भूस्खलन, नए अवरोध और अन्य नुकसान की भी निगरानी कर रहा है।

मध्य प्रदेश के कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात

मध्य प्रदेश में रविवार रात से कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। भोपाल, रायसेन, उज्जैन और देवास समेत कई शहरों में लगातार बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।लगातार बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने के साथ ही सड़क यातायात भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है।

राजस्थान में डैम ओवरफ्लो, कई शहरों में सड़कें जलमग्न

राजस्थान में भी भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जयपुर के कानोता और झालावाड़ के कालीखाड़ डैम के ओवरफ्लो होने से आसपास के इलाकों में पानी बढ़ गया है।बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में रविवार रात सड़कों पर 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। वहीं, बाड़मेर में भी कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति है। रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी और हॉस्पिटल रोड समेत कई क्षेत्रों में 2 से 4 फीट तक पानी भरने की खबर है।कई जगहों पर बारिश का पानी दुकानों और घरों में भी घुस गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश में 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर

उत्तर प्रदेश में गंगा और यमुना समेत करीब 10 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। फर्रुखाबाद और बिजनौर में गंगा का पानी हाईवे तक पहुंच गया है और कई जगहों पर सड़कें डूब गई हैं।राज्य के करीब 40 गांव बाढ़ की चपेट में बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए कहा जा रहा है। कई परिवार सड़कों पर टेंट लगाकर रहने को मजबूर हैं।काशी में घाटों तक पहुंचा गंगा का पानीवाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 84 घाटों को जोड़ने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं। गंगा का पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है। जलस्तर बढ़ने के कारण घाटों और आसपास के निचले इलाकों में गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।

हिमाचल प्रदेश में 124 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश के कारण 124 सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा 255 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर (DTR) भी ठप पड़े हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है।सड़कों के बंद होने से मंडी सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 51 सड़कें बंद हैं। इसके बाद कुल्लू में 39 और शिमला में 13 सड़कें बंद हैं।

मानसून में अब तक 155 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 155 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 68 मौतें आपदा से जुड़ी घटनाओं में, जबकि 87 लोगों की जान सड़क हादसों में गई है।

प्रशासन की अपील: जोखिम वाले रास्तों से बचें

लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों और वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। विशेष रूप से भूस्खलन और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।NH-10 जैसे महत्वपूर्ण मार्गों पर मलबा हटाने और यातायात बहाल करने का काम जारी है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पूरी तरह साफ होने और सुरक्षित घोषित किए जाने तक प्रभावित हिस्सों से गुजरने से बचें।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम