हालीशहर: तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के बाद अब पार्टी सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी हालीशहर में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। रविवार दोपहर तृणमूल कार्यकर्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उनके परिवार से मिलने जा रहीं ममता बनर्जी की गाड़ी को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया। इस दौरान उनके खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए गए और गाड़ी पर जूते, कीचड़ और कथित तौर पर ईंटें भी फेंके जाने का आरोप है।
‘ओई देखो चोर आया…’ के लगे नारे
ममता बनर्जी रविवार दोपहर पार्टी कार्यकर्ता से मिलने हालीशहर पहुंच रही थीं। वह गाड़ी में आगे की सीट पर बैठी थीं। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी और डोला सेन भी मौजूद थे।इसी दौरान अचानक प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की ओर से ‘ओई देखो चोर आया…’ जैसे नारे लगाए गए। ममता बनर्जी के खिलाफ अपशब्द कहे जाने का भी दावा किया गया।बताया जा रहा है कि पिछले 4 मई के बाद यह पहली बार है जब ममता बनर्जी जिले के दौरे पर पहुंची हैं। इससे पहले भी उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन की घटनाएं सामने आई थीं, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए उनके इस दौरे के दौरान पहली बार इस तरह का विरोध देखने को मिला।
पुलिस हिरासत में तृणमूल कार्यकर्ता की मौत
ममता बनर्जी जिस तृणमूल कार्यकर्ता से मिलने जा रही थीं, उसकी पुलिस हिरासत में कथित तौर पर रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हुई थी। इसी मामले को लेकर वह कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंची थीं।हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही इलाके में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाते हुए कहा कि ममता बनर्जी इससे पहले इस वार्ड में क्यों नहीं आईं और मृतक कार्यकर्ता का नाम उन्होंने पहले कभी क्यों नहीं लिया।एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “इतने दिनों में इस वार्ड में आई हैं? कभी बिज्जू का नाम लिया? कल मौत हुई और आज आ गईं।”
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर लगाया आरोप
विरोध प्रदर्शन के बाद ममता बनर्जी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी गाड़ी पर काफी संख्या में ईंटें फेंकी गईं और करीब एक घंटे तक उन्हें रोके रखा गया।ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों को जुटाकर यह सब करवाया गया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति पर हत्या का आरोप है, वह खुद बाहर है और उनकी गाड़ी पर लगातार ईंटें फेंकी गईं।उन्होंने कहा, “मैं बाहर निकलूंगी ही। बीजेपी मुझसे डरती है। इस तरह मुझे रोक नहीं पाएगी। वे डर रहे हैं क्योंकि उनका मुखौटा उतर जाएगा।”
बीजेपी विधायक अर्जुन सिंह का पलटवार
वहीं, बीजेपी विधायक अर्जुन सिंह ने ममता बनर्जी पर पलटवार करते हुए कहा कि वह “गिद्ध की तरह शव तलाश रही हैं।” उन्होंने कहा कि घटना एक दिन पहले हुई है और यदि किसी ने अपराध किया है तो उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए।अर्जुन सिंह ने कहा कि फिलहाल बंगाल के लोग शांतिपूर्वक रह रहे हैं और इसी वजह से लोग विरोध में ममता बनर्जी को ‘चोर’ कह रहे हैं।