कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। भवानीपुर विधानसभा सीट पर जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब आपका सियासी करियर खत्म हो चुका है। टाटा, बाय-बाय।
बंगाल की जनता विकास चाहती है
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि ममता बनर्जी अपने ही मतदान केंद्र पर बढ़त हासिल करने में असफल रहीं, जो जनता के बदलते मूड का संकेत है। आगेबोलते हुए बंगाल के मुखिया अधिकारी ने कहा कि, पश्चिम बंगाल की जनता अब विकास, पारदर्शिता और मजबूत प्रशासन चाहती है।
बंगाल की राजनीति में बढ़ी सियासी गर्मी
मुख्यमंत्री अधिकारी ने अपने बयान में आगे कहा कि, राज्य में नई सरकार जनता के भरोसे पर खरी उतरने के लिए कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार पर कार्रवाई और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान राज्य में राजनीतिक हिंसा और भ्रष्टाचार बढ़ा था, जिससे आम लोग परेशान थे।वहीं, तृणमूल कांग्रेस की ओर से शुभेंदु अधिकारी के बयान पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इस बयान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
टकराव आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है
बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच टकराव आने वाले दिनों में और तेज हो सकता है। शुभेंदु अधिकारी लगातार आक्रामक तेवर अपनाए हुए हैं और विपक्ष पर सीधे हमले कर रहे हैं। ऐसे में पश्चिम बंगाल की राजनीति में सियासी बयानबाजी का दौर और गर्म होने के आसार हैं।
‘कट मनी’ की प्रथा बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर की जनता का आभार जताते हुए इलाके से भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भवानीपुर में अब किसी भी तरह की जबरन वसूली और टीएमसी शासन के दौरान चलने वाली ‘कट मनी’ (कमीशनखोरी) की प्रथा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसे पूरी तरह खत्म करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
“जमात की उड़ गई है नींद”
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सीमा पार के राजनीतिक समीकरणों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद से पड़ोसी देश की कट्टरपंथी राजनीतिक पार्टी ‘बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी’ की रातों की नींद उड़ गई है। अधिकारी ने कहा, “मैं ऐसी ताकतों से न तो डरता हूं और न ही उनके सामने कभी झुकूंगा।”
आंकड़ों के जरिए TMC को घेरा
शुभेंदु अधिकारी ने चुनावी नतीजों के आंकड़े सामने रखते हुए ममता बनर्जी और पूर्व मंत्री फिरहाद हाकिम को कटघरे में खड़ा किया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मित्रा इंस्टीट्यूशन मतदान केंद्र के सभी चार बूथों पर बीजेपी ने भारी बढ़त हासिल की, जहां खुद ममता बनर्जी ने मतदान किया था। उन्होंने टीएमसी के कद्दावर नेता फिरहाद हाकिम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चेतला गर्ल्स हाई स्कूल के जिन पांच बूथों पर हाकिम ने वोट डाला था, वहां भी जनता ने बीजेपी को ही बढ़त दिलाई है।