मुंबई। महाराष्ट्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ आज यानी 28 जून, 2026 को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को पेपर लीक होने के बाद रद कर दिया गया है। तमाम मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परीक्षा से महज 24 घंटे पहले ठाणे से प्रश्न-पत्र लीक हो गया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने तुरंत परीक्षा निरस्त करने का कड़ा फैसला लिया।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ठाणे में एक विशेष अभियान चलाकर लीक हुए पेपर को बरामद किया है। इस मामले में संलिप्तता के संदेह में कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।
कैसे सामने आया पूरा मामला?
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) के माध्यम से राज्य के विभिन्न केंद्रों पर इस परीक्षा का आयोजन होना था।
पुलिस की छापेमारी : परीक्षा परिषद के मुताबिक, पेपर लीक होने की बेहद गोपनीय जानकारी मिलने के बाद 27 जून की सुबह पुलिस ने छापेमारी की कार्रवाई की।
अधिकारियों की मौजूदगी : जांच के दौरान महाराष्ट्र पुलिस ने मौके पर MSCE के वरिष्ठ अधिकारियों को भी बुलाया और मामले की पुष्टि की।
अब आगे क्या होगा?
महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा रद होने के बाद परीक्षार्थी असमंजस में हैं। हालांकि, शिक्षा विभाग ने स्थिति साफ करते हुए आगे की योजना बताई है:
विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस : शिक्षा विभाग जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा करेगा।
नया परीक्षा कार्यक्रम : परिषद (MSCE) की ओर से जल्द ही TET परीक्षा की नई और संशोधित तारीखों (Revised Exam Schedule) का ऐलान किया जाएगा।
जांच जारी
फिलहाल महाराष्ट्र पुलिस और जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्न-पत्र आखिर लीक कहाँ से और कैसे हुआ। इसके साथ ही इस बड़े रैकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश के लिए कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।