डेस्क। हाल ही में ममता बनर्जी को हराकर सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने हैं। सीएम बनने के बाद एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने उनकी जमकर तारीफ की है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
सुवेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। हाल ही में वरिष्ठ बीजेपी नेता और दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने उनकी जमकर तारीफ की।
मिथुन ने की सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात
शनिवार को सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता के न्यू टाउन स्थित मिथुन चक्रवर्ती के घर जाकर उनसे मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद सुवेंदु अपने पहले जिला दौरे पर रवाना हुए, जिसकी शुरुआत उन्होंने दक्षिण 24 परगना के राजनीतिक रूप से अहम डायमंड हार्बर से की।
उनसे बेहतर सीएम कोई नहीं हो सकता
मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि पश्चिम बंगाल को सुवेंदु अधिकारी से बेहतर मुख्यमंत्री नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा, ‘मैं जनता को गारंटी देता हूं कि उनसे बेहतर सीएम कोई नहीं हो सकता। वह सबसे अच्छे हैं और शपथ लेने के पहले दिन से ही काम में जुट गए हैं।’
मिथुन चक्रवर्ती का वर्कफ्रंट
मिथुन चक्रवर्ती हाल ही में द बंगाल फाइल्स में नजर आए थे, जिसका निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है। इस फिल्म में अनुपम खेर, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार और सिमरत कौर जैसे कलाकार नजर आए हैं।
फिल्म 1946 के डायरेक्ट एक्शन डे और नोआखाली दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। वहीं, फिल्म को लेकर निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने हाल ही में आरोप लगाया था कि ममता बनर्जी की सरकार की वजह से पश्चिम बंगाल में उनकी फिल्मों को रिलीज करने में काफी मुश्किलें आईं थीं।