कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की फर्स्ट फेज वोटिंग हो रही है। इसी बीच कृष्णानगर में पीएम मोदी ने सभा की। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 4 मई को मिठाई और झालमुड़ी बंटेगी। इस बार बंगाल की जनता चुनाव लड़ रही है। 4 मई को टीएमसी का जाना और कमल खिलना तय है। पीएम मोदी ने दावा किया कि इस बार कई जिलों में टीएमसी का खाता नहीं खुलेगा क्योंकि बंगाल में हर वर्ग टीएमसी से दुखी है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने अपने वादे पूरे नहीं किए हैं।
टीएमसी पर हमला करते हुए पीएम ने कहा कि अत्याचारियों और भ्रष्टाचारियों का पूरा हिसाब होगा। जिसने आपको लूटा है, उसे पूरा लौटाना होगा। नामशूद्र और मतुआ समुदाय को भरोसा दिया कि धर्म के प्रताड़ना के कारण जो भारत आए हैं, उनकी नागरिकता पर आंच नहीं आएगी।
मोदी बोले- जनता लेगी हिसाब
TMC के बेरहम शासन की पहचान है, झूठ बोलना और धोखा देना। अपने 15 साल के कार्यकाल में उन्होंने जितने भी वादे किए, वे सभी अधूरे ही रह गए… यहां हर किसी ने स्थानीय नगर पालिका के भीतर TMC के ‘लूट’ वाले मॉडल को देखा है। इस शहर की हालत बेहद खराब है… चारों ओर परेशानियां ही परेशानियां हैं। फिर भी, TMC के सदस्य लूट-खसोट के अलावा किसी और काम में व्यस्त नहीं हैं… लेकिन अब यह सब नहीं चलेगा। कानून इन ज़ालिमों और भ्रष्टाचारियों से पूरा हिसाब लेगा। जिन्होंने आपको लूटा है, उन्हें अब उसका हिसाब चुकाना ही पड़ेगा…
संदेशखाली का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि टीएमसी के महाजंगल राज का नुकसान बहन-बेटियों को उठाना पड़ा है। संदेशखाली में नाबालिग बेटी से गैंगरेप टीएमसी के भय वाले मॉडल का उदाहरण है। इस भय से बंगाल की बेटियों को मुक्ति चाहिए। टीएमसी बंगाल की बहनों का सच्चा सशक्तिकरण नहीं कर सकती है। इसका उदाहरण पिछले सप्ताह संसद में देखा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी महिलाओं को 33 प्रतिशत संसद में आरक्षण देना चाहती है, मगर टीएमसी ने कांग्रेस के साथ मिलकर कानून को रोक दिया।
6 गारंटी का जिक्र करते हुए PM MOdi ने दीं अब 10 गारंटी
@ बहन -बेटियों पर अत्याचार करने वालों को कड़ी सजा मिलेगी। हर ब्लॉक पर महिला थाने मिलेंगे।
@बंगाल की बेटियों की भर्ती सरकारी नौकरी में की जाएगी।
@बंगाल महिलाओं को एक साल में 36 हजार रुपये बैंक अकाउंट में दिए जाएंगे।
@बंगाल में बीजेपी सरकार ग्रैजुएशन के लिए लड़कियों को 50 हजार रुपये देगी।
@गर्भवती माताओं को 21 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देगी।
@शिशुओं के पोषण के लिए 36 हजार रुपए एक्स्ट्रा देगी।
@सुकन्या समृद्धि योजना के जरिये बेटियों का भविष्य सुरक्षित किया जाएगा।
@महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 20 लाख रुपये तक मुद्रा लोन दिया जाएगा, उसकी गारंटी मोदी देगा।
@लाखों महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के लिए मदद दी जाएगी।
@बंगाल की महिलाओं को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये का मुफ्त इलाज मिलेगा। सर्वाइकल कैंसर का मुफ्त टीका दिया जाएगा।