डेस्क। आईपीएल 2026 के एक हाई-वोल्टेज मुकाबले के बीच ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेप यानी ई-सिगरेट पीते करते हुए कैमरे में कैद हो गए, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चौंकानी वाली यह घटना 28 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए IPL 2026 के 40वें मुकाबले के दौरान सामने आई। राजस्थान की पारी के दौरान 16वें ओवर में पराग को ड्रेसिंग रूम में अपने साथियों ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल के बीच आराम से ई-सिगरेट पीते देखा गया।
भारत में ई-सिगरेट पीने पर प्रतिबंध
Riyan Parag caught Vaping on national TV in #PBKSvRR match
— Arun Garg (@arungargg) April 28, 2026
Know that: #Vaping is fully banned in India under the Prohibition of Electronic Cigarettes Act (PECA), 2019
Do Laws only apply to the working class common people?#TATAIPL #IPL @rajasthanroyals pic.twitter.com/TDtbDyYGv4
बता दें, स्टेडियम और ड्रेसिंग रूम के अंदर धूम्रपान पूरी तरह प्रतिबंधित होता है, सिवाय निर्धारित क्षेत्रों के। ऐसे में पराग के हाथ में कथित तौर पर ई-सिगरेट या वेप का होना और भी गंभीर सवाल खड़े करता है। भारत में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम (PECA), 2019 के तहत ई-सिगरेट/वेप के निर्माण, बिक्री, खरीद, आयात, निर्यात और विज्ञापन पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इस कानून का उल्लंघन करने पर जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान है।
इस घटना ने इसलिए भी चिंता बढ़ा दी है क्योंकि देश में ई-सिगरेट न तो वैध है और न ही रेगुलेटेड, ऐसे में इस पूरे मामले की जांच की मांग उठ सकती है। यह पहली बार नहीं है जब राजस्थान रॉयल्स इस सीजन विवादों में घिरी है। इससे पहले टीम मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़े गए थे, जो PMOA प्रोटोकॉल का उल्लंघन था। उस मामले में BCCI ने जांच के बाद उन्हें चेतावनी देने के साथ जुर्माना भी लगाया था। अब देखना होगा कि इस नए विवाद पर क्या कार्रवाई होती है और क्या BCCI इस मामले की आधिकारिक जांच करता है या नहीं।
एरोन फिंच भी हुए थे कैमरे में कैद
इससे पहले भी IPL में ई- सिगरेट पीने की घटना कैमरे में कैद हो चुकी है। 6 साल पहले IPL 2020 के दौरान एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें RCB के बल्लेबाज एरोन फिंच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपनी टीम के मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते हुए नजर आए थे। अब रियान पराग का वीडियो सामने आने के बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
गौरतलब है कि रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स इस सीजन पंजाब किंग्स को हराने वाली पहली टीम बनी है। राजस्थान ने हाई-स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब को 6 विकेट से मात दी। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 222 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में राजस्थान ने 19.2 ओवर में 223 रनों का लक्ष्य हासिल करते हुए सीजन की छठी जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ ही राजस्थान ने पॉइंट्स टेबल में एक पायदान की छलांग लगाते हुए तीसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है।