डेस्क। आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले राजस्थान रॉयल्स के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अब दुनियाभर के क्रिकेट दिग्गजों की चर्चा का बड़ा विषय बन चुके हैं। महज 15 साल की उम्र में जिस तरह वैभव बड़े-बड़े गेंदबाजों पर हमला बोल रहे हैं, उसे देखकर पूर्व क्रिकेटर हैरान हैं। अब इंग्लैंड के कुछ दिग्गज खिलाड़ियों ने उनके भविष्य को लेकर मजाकिया अंदाज में बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। ‘स्टिक टू क्रिकेट’ पॉडकास्ट में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन, फिल टफनेल और एलिस्टेयर कुक और डेविड लॉयड आईपीएल और वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चा कर रहे थे। बातचीत के दौरान वॉन ने वैभव के रिकॉर्ड्स का जिक्र करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में इस खिलाड़ी ने असाधारण प्रदर्शन किया है।
माइकल वॉन ने कहा कि आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक अभी क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 30 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी, जबकि वैभव 35 गेंदों में शतक ठोक चुके हैं। वॉन ने यह भी बताया कि किसी एक आईपीएल सीजन में भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम है, जिन्होंने 2024 में 42 छक्के लगाए थे, जबकि वैभव इस सीजन में 37 छक्के जड़ चुके हैं।
इसके बाद एलिस्टेयर कुक ने वैभव की कीमत और भविष्य को लेकर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें बेहद कम उम्र में साइन किया था, लेकिन अगले ऑक्शन में उनकी कीमत कितनी होगी, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। कुक ने मजाक में कहा कि अगर वैभव खुद दोबारा ऑक्शन में जाने की इच्छा जता दें तो क्या होगा?
जल्द टीम इंडिया के लिए खेलेंगे वैभव
माइकल वॉन ने साफ कहा कि राजस्थान रॉयल्स इतनी आसानी से वैभव को रिलीज नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वैभव जल्द ही भारत की सीनियर टीम में जगह बना सकते हैं और आयरलैंड दौरे पर उन्हें मौका मिलना चाहिए। इसी दौरान फिल टफनेल ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जिस तेजी से वैभव आगे बढ़ रहे हैं, वह 21 साल की उम्र तक ‘बर्नआउट’ हो सकते हैं। टफनेल के इस बयान पर माइकल वॉन ने भी चुटकी लेते हुए कहा कि तब तक वैभव के पास इतना पैसा होगा कि वह आराम से रिटायरमेंट ले सकेंगे। वैभव सूर्यवंशी को लेकर यह चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। बर्नआउट (Burnout) लंबे समय तक काम के तनाव (work stress) के कारण होने वाली शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक थकावट की स्थिति होती है।