डेस्क । बॉलीवुड के ‘बादशाह’ शाहरुख खान के फैंस उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर बेहद एक्साइटमेंट है। यह वाजिब भी है। ‘जवान’ की जबरदस्त सफलता के बाद किंग खान एक बार फिर से पर्दे पर एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं। 400 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में बनी यह फिल्म इसी साल क्रिसमस 2026 के वीकेंड में रिलीज होने वाली है। ‘किंग’ को लेकर उत्साह का आलम ये है कि 5 महीने पहले इसके टाइटल रिवील वीडियो को यूट्यूब पर 44M और दो महीने पहले रिलीज डेज की घोषणा वाले टीजर वीडियो को 30M व्यूज मिल चुके हैं। अब जो खबर आई है, उससे यही लग रहा है कि वाकई ये फिल्म अपने डायलॉग की तरह ‘डर नहीं दहशत’ बनकर आ रही है, क्योंकि रिलीज से पहले ही इसने 250 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
जी हां, ‘बॉलीवुड हंगामा’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘किंग’ के थ्रिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स यानी सिनेमाघरों में दिखाए जाने के अधिकार 250 करोड़ रुपये में बिके हैं। यह फिल्म शाहरुख खान के लिए खास मायने रखती है, क्योंकि इसमें वह अपनी बेटी सुहाना के साथ काम कर रहे हैं। सुहाना खान ने साल 2023 में जोया अख्तर की ओटीटी फिल्म ‘द आर्चीज’ से एक्टिंग डेब्यू किया था। जबकि ‘KING’ उनकी पहली थिएटर रिलीज फिल्म होगी।
पेन मरुधर संग साल की सबसे बड़ी डिस्ट्रीब्यूशन डील
अब ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पेन मरुधर ने ‘KING’ के पूरे भारत के थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स खरीदे हैं। इसके लिए फिल्म के मेकर्स ययानी शाहरुख खान-गौरी खान की रेड चिलीज एंटरटेनमेंट से 250 करोड़ रुपये की भारी-भरकम डील हुई है। यह इस साल की सबसे बड़ी डील्स में से एक है।
डिस्ट्रीब्यूटर संग शाहरुख खान का पुराना रिश्ता
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है, ‘पेन मरुधर ने ‘किंग’ के थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 250 करोड़ रुपये में खरीदे हैं। इस डिस्ट्रीब्यूटर का शाहरुख खान के बैनर के साथ काफी पुराना रिश्ता है। उन्होंने ‘जवान’, ‘डंकी’, ‘जीरो’, ‘बदला’, ‘इत्तेफाक’ और कई दूसरी फिल्में रिलीज की हैं।’
‘किंग’ की रिलीज डेट, बॉक्स ऑफिस पर मिलेगी कड़ी टक्कर
‘किंग’ देशभर में 24 दिसंबर 2026 को ग्रैंड रिलीज की तैयारी कर रही है। हालांकि, क्रिसमस वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर इसे कड़ी टक्कर मिलने वाली है। त्योहार और नए साल के जश्न के मौक पर 18 दिसंबर को ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ और ‘ड्यून 3’, जबकि 20 दिसंबर को ‘जुमांजी 3’ जैसी बड़ी हॉलीवुड फिल्में भी रिलीज हो रही हैं। इसके अलावा ‘सैयारा’ फेम अनीत पड्डा की ‘शक्ति शालिनी’ भी 24 दिसंबर को ही रिलीज हो रही है। यह मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की फिल्म है, जिसमें इससे पहले ‘स्त्री’, ‘स्त्री 2’, ‘भेड़िया’ और ‘मुंज्या’ जैसी फिल्में आकर धूम मचा चुकी हैं।
दिसंबर में स्क्रीन्स की संख्या को लेकर होगी मारा-मारी
इतना तो साफ है कि कम से कम ‘किंग’, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’, ‘ड्यून 3’ और ‘शक्ति शालिनी’ को लेकर दिसंबर में स्क्रीन्स की भरदम मारामारी होने वाली है। ये चारों ही ऐसी फिल्में हैं, जिनका भारतीय दर्शकों को बेसब्री इसे इंतजार है। जबकि देश में सिनेमाघर और स्क्रीन्स की कम संख्या पहले से ही चर्चा का केंद्र रही हैं। ताजा रिपोर्ट में कहा गया है, ‘शाहरुख खान इस कड़े मुकाबले वाले समय में अपनी फिल्म को सही तरीके से रिलीज करने के लिए एक मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर की तलाश में थे। वह दिसंबर के महीने में पूरे देश में फिल्म को बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।’