सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में एक बार फिर ज्वेलरी शोरूम बदमाशों के निशाने पर आ गया। हालांकि इस बार अत्याधुनिक AI निगरानी प्रणाली और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ी वारदात होने से बच गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य बदमाश फरार बताया जा रहा है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष 22 जून को हिलकार्ट रोड स्थित एक प्रतिष्ठित सर्राफा दुकान में डकैती की घटना हुई थी। इसके बाद शहर के ज्वेलरी शोरूमों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। अब एक बार फिर हुई इस घटना ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है।
देर रात शटर काटकर शोरूम में घुसे बदमाश
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच सेवक रोड स्थित एक राष्ट्रीय स्तर के ज्वेलरी ब्रांड के शोरूम को निशाना बनाया गया। सुनसान रात का फायदा उठाकर बदमाशों ने शटर काटा और शोरूम के अंदर प्रवेश कर गए। हालांकि, पूरे शोरूम में CCTV और AI आधारित सुरक्षा प्रणाली लगी हुई थी। जैसे ही कैमरों ने अंदर मानव गतिविधि का पता लगाया, सिस्टम ने तुरंत बेंगलुरु स्थित कंपनी के मुख्यालय को अलर्ट भेज दिया।
मालिक ने तुरंत पुलिस को दी सूचना
अलर्ट मिलने के बाद कंपनी की प्रतिनिधि नताशा मार्टिन को घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने बिना देर किए भक्तिनगर थाना पुलिस को फोन कर पूरी घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल मौके के लिए रवाना हो गए।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
जब पुलिस शोरूम के पास पहुंची तो दो संदिग्ध युवक सड़क पर भागते दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा शुरू कर दिया। भागते समय दोनों अलग-अलग दिशाओं में निकल गए। एक आरोपी ज्योतिनगर की ओर भागा, जबकि दूसरा दूसरी दिशा में फरार होने लगा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने एक आरोपी को दबोच लिया। उसकी तलाशी लेने पर बैग से बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए गए।
शोरूम के अंदर से भी पकड़ा गया दूसरा आरोपी
पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस दोबारा शोरूम के अंदर पहुंची तो वहां एक और बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।
तीन से अधिक बदमाशों के शामिल होने की आशंका
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि इस वारदात में तीन या उससे अधिक बदमाश शामिल थे। गिरफ्तार दोनों आरोपी दूसरे राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।