सिलीगुड़ी, 4 जून: पश्चिम बंगाल सरकार में राज्य मंत्री (प्रतिमंत्री) के रूप में शपथ लेने के बाद माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक आनंदमोय बर्मन गुरुवार को अपने गृह क्षेत्र लौटे। उनके स्वागत के लिए न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
दो बार विधायक रह चुके हैं आनंदमोय बर्मन
गौरतलब है कि आनंदमोय बर्मन ने 1 जून को पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया था। दो बार के विधायक आनंदमोय बर्मन ने हालिया विधानसभा चुनाव में राज्य में सबसे अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
एनजेपी रेलवे स्टेशन पर पर भव्य स्वागत
बुधवार को नवान्न में मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लेने के बाद वह गुरुवार सुबह उत्तर बंगाल पहुंचे। एनजेपी रेलवे स्टेशन पर उनके आगमन के साथ ही समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
स्टेशन पर मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री आनंदमोय बर्मन ने सबसे पहले उत्तर बंगाल की जनता, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी क्षेत्र के लोगों तथा राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का आभार व्यक्त किया।
उत्तर बंगाल के विकास पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे : बर्मन
उन्होंने कहा कि सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उसकी गरिमा बनाए रखते हुए उत्तर बंगाल के विकास के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की विकास योजनाओं को गति देना और आम लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। मंत्री के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।