Home » मनोरंजन » 15 मिनट तक रोकी सांस-20 मिनट तक नहीं झपकाई पलकें, छलक पड़े आंसू; नई जेनरेशन को दी खास सलाह

15 मिनट तक रोकी सांस-20 मिनट तक नहीं झपकाई पलकें, छलक पड़े आंसू; नई जेनरेशन को दी खास सलाह

अपनी शानदार एक्शन फिल्मों और खतरनाक स्टंट्स के लिए मशहूर विद्युत जामवाल जल्द ही हॉलीवुड की चर्चित एक्शन फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' में नजर आने वाले हैं। फिल्म से जुड़े एक हालिया इवेंट में विद्युत ने ऐसा हैरतअंगेज कारनामा किया,. . .

डेस्क। अपनी शानदार एक्शन फिल्मों और खतरनाक स्टंट्स के लिए मशहूर विद्युत जामवाल जल्द ही हॉलीवुड की चर्चित एक्शन फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म से जुड़े एक हालिया इवेंट में विद्युत ने ऐसा हैरतअंगेज कारनामा किया, जिसे देखकर वहां मौजूद लोग भी दंग रह गए। एक्टर ने करीब 15 मिनट तक अपनी सांसें रोके रखीं, जबकि लगभग 20 मिनट तक उन्होंने अपनी पलकें तक नहीं झपकाईं। उनके इस स्टंट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विद्युत ने इवेंट की कुछ झलकियां अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी साझा की हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग उनके इस कारनामे की जमकर तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने उन्हें ‘बॉलीवुड का रियल हीरो’ बताया, तो दूसरे ने लिखा, ‘हैट्स ऑफ सर।’ वहीं कई लोगों ने हैरानी जताते हुए सवाल किया कि आखिर कोई इतने लंबे समय तक ऐसा कैसे कर सकता है।

नई जेनरेशन को विद्युत की खास सलाह

इसी इवेंट के दौरान विद्युत जामवाल ने युवाओं को भी एक जरूरी सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज की तेज रफ्तार जिंदगी में हर किसी को लगातार कुछ न कुछ करने की होड़ लगी हुई है। ऐसे में कभी-कभी रुकना और खुद को समय देना भी बेहद जरूरी है। विद्युत ने कहा, “मैं जहां भी जाता हूं, लोग कहते हैं इंस्पायर करो। मैं अपनी यंगर जेनरेशन से एक बात कहना चाहता हूं कि सच में थोड़ा रुक जाओ। हम सब देख रहे हैं कि लोग भाग रहे हैं—ये करना है, वो करना है। लेकिन कुछ नहीं करना भी जरूरी है। एक बार थम जाओ, एक बार रुक जाओ। स्किल्स के लिए ये सबसे ज्यादा जरूरी है।”

योग और मार्शल आर्ट्स से तैयार हुई फिटनेस

विद्युत जामवाल लंबे समय से योग और मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग लेते रहे हैं। उनकी यही मेहनत उनकी फिटनेस और एक्शन परफॉर्मेंस में भी नजर आती है। इवेंट में उन्होंने अपने हॉलीवुड प्रोजेक्ट ‘स्ट्रीट फाइटर’ और इसमें निभाए जा रहे धलसिम के किरदार के बारे में भी कई दिलचस्प बातें साझा कीं। एक्टर ने बताया कि बचपन में उनका ज्यादा ध्यान वीडियो गेम्स पर नहीं था। वह खेल-कूद और फिजिकल एक्सरसाइज में अधिक रुचि लेते थे। उनका मानना है कि बचपन से ही फिटनेस और खेलों के प्रति उनका लगाव उन्हें आज के मुकाम तक पहुंचाने में काफी मददगार रहा। विद्युत के मुताबिक, ‘स्ट्रीट फाइटर’ में धलसिम का किरदार निभाने के लिए उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी तैयारी की है। उन्होंने इस प्रोजेक्ट के अनुभव को बेहद खास बताया। फिल्म में उन्हें WWE के कई रेसलर्स और इंटरनेशनल सिनेमा के बड़े कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला है।

बिना सिर मुंडवाए तैयार हुआ धलसिम का लुक

विद्युत ने बताया कि फिल्म के निर्देशक ने उनके पुराने काम को देखने के बाद उन्हें धलसिम के किरदार के लिए चुना था। किरदार के लुक को लेकर एक समय उनके सामने सिर मुंडवाने का विकल्प भी था, लेकिन मेकर्स ने शानदार प्रोस्थेटिक्स की मदद से उनका लुक तैयार किया। इस वजह से विद्युत को अपना सिर मुंडवाने की जरूरत नहीं पड़ी। एक्टर का कहना है कि धलसिम उनके लिए सिर्फ एक फिल्मी किरदार नहीं है, बल्कि ऐसा रोल है जिसके लिए वह लंबे समय से खुद को तैयार करते आए हैं। फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में विद्युत जामवाल के साथ नोआ सेंटिनियो, एंड्रयू कोजी, कैलिना लियांग, रोमन रेंस यानी जो अनोआई, डेविड डेस्टमालचियन, कोडी रोड्स, एरिक आंद्रे, एंड्रयू शुल्ज और जेसन मोमोआ जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म भारत में 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। इसे अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम